Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

शुद्धिकरण यज्ञ पर धामी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बाेले- प्रमाण नहीं

CM Dhami

CM Dhami

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने हल्द्वानी में कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि कांग्रेस के पास ऐसा कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो कि यज्ञ किसी व्यक्ति का अपमान करने के उद्देश्य से कराया गया था।

रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल होने पहुंचे धामी ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस इस मामले को तूल दे रही है,जो समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक लाभ लेने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। धामी ने कहा कि राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी समाज को जोड़ने की है और ऐसे मुद्दों को हवा देने से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है।

इससे पहले धामी ने भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र में प्रतिभाग किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की जा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

नितिन नवीन के दौरे का यूथ कांग्रेस ने किया विरोध:

उधर,नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा में मौजूद व्यक्ति द्वारा भाजपा का झंडा लहराए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की प्रति लेकर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया, जिस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्कामुक्की हुई। पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, जिलाध्यक्ष सुमित कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और बस से मौके से हटाया। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के चलते हल्द्वानी में बुधवार को राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।

Exit mobile version