Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

बारिश और आकाशीय बिजली का डबल अलर्ट, कई जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

Monsoon

Monsoon

लखनऊ :  यूपी में मानसून का जोर बरकरार, 18 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 63 जिलों में बरसात की चेतावनी उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। खासकर बरेली, लखीमपुर खीरी, रामपुर और शाहजहांपुर जैसे जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। लगातार हो रही वर्षा के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए प्रदेश के 18 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 45 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है। यानी कुल 63 जिलों में बारिश या भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं करीब 60 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

तराई में सबसे ज्यादा बरसे बादल

सोमवार को तराई क्षेत्र के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा बरेली में 174 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके बाद लखीमपुर खीरी में 160 मिमी, रामपुर में 152 मिमी और शाहजहांपुर में 150.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है।

जुलाई में सामान्य के करीब पहुंची बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में मानसून ने बारिश की कमी काफी हद तक पूरी कर दी है। 20 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में 160.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि का सामान्य औसत 170.3 मिलीमीटर है। यानी अब तक केवल छह प्रतिशत कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग सामान्य श्रेणी में मानता है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य बनी हुई है और आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश की संभावना बनी रहेगी।

इन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी में अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश, तेज गर्जना और वज्रपात की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। :::

Exit mobile version