Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

यूपी में मानसून रहेगा मेहरबान, सात दिनों तक झमाझम बारिश की चेतावनी

Heavy Rain

Heavy Rain

उत्तर प्रदेश में आने वाले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश (Heavy Rain) होगी, जबकि 3 से 5 अगस्त के बीच कई जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि 1 और 2 अगस्त को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसके बाद 3 अगस्त से मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 3, 4 और 5 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है।

6 और 7 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है, हालांकि इन दो दिनों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने, खरीफ फसलों को जलभराव से बचाने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की सलाह दी है। साथ ही मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।

Exit mobile version