लद्दाख में गुरुवार सुबह भूकंप (Earthquake) के दो झटके महसूस किए गए। पहला झटका सुबह 6:05 बजे आया, जिसकी तीव्रता 5.5 रही। इसके करीब चार घंटे बाद 4.3 तीव्रता का दूसरा भूकंप दर्ज किया गया। लगातार झटकों से लेह क्षेत्र में लोगों के बीच भय का माहौल बन गया।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक 5.5 तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र लेह में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। इसका केंद्र 36.88 डिग्री उत्तर अक्षांश और 74.402 डिग्री पूर्व देशांतर पर स्थित था।
9:54 बजे फिर महसूस हुआ झटका
पहले भूकंप के बाद सुबह 9:54 बजे दूसरी बार धरती हिली। इस भूकंप की तीव्रता 4.3 थी। इसका केंद्र 36.76 डिग्री उत्तर अक्षांश और 75.326 डिग्री पूर्व देशांतर पर तथा गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई।
दोनों भूकंप लेह इलाके में दर्ज हुए। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्र में आता है लद्दाख
भूकंप के लगातार दो झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लद्दाख भूकंपीय गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है, इसलिए यहां आने वाले झटकों को लेकर प्रशासन और विशेषज्ञ लगातार निगरानी रखते हैं।
