Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

नेपाल की बाढ़ में फंसे सैकड़ों पर्यटक, 105 भारतीय लापता; रेस्क्यू में जुटे 12 हेलिकॉप्टर

105 Indians missing in Nepal floods.

105 Indians missing in Nepal floods.

नेपाल में अचानक आई बाढ़ (Nepal Flood) के बाद बड़ी संख्या में पर्यटकों के लापता होने की खबर ने चिंता बढ़ा दी है। नेपाल पर्यटक बोर्ड के अनुसार, करीब 400 पर्यटकों का पता नहीं चल पा रहा है, जिनमें 105 भारतीय नागरिक शामिल हैं। लापता भारतीयों में 31 तीर्थयात्री भी हैं, जो मानसरोवर यात्रा के लिए जा रहे थे।

बोर्ड के मुताबिक, लापता पर्यटकों में 291 विदेशी नागरिक हैं, जबकि 90 से ज्यादा नेपाली नागरिक बताए गए हैं। भारतीयों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के पर्यटक भी प्रभावित हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, लापता भारतीयों में 59 लोग स्मार्ट ट्रेवेल्स और 46 लोग लीफ हॉलिडे के जरिए यात्रा कर रहे थे। नेपाल सरकार ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 1144 हेल्पलाइन जारी की है।

12 लोगों को हेलिकॉप्टर से बचाया गया

नेपाली सेना के मुताबिक, अब तक 12 लोगों को हेलिकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें स्याफ्रुबेसी से छह, मैलुंग से दो और धुन्चे से चार लोग शामिल हैं। रेस्क्यू अभियान में चार सैन्य और आठ निजी हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं।

बाढ़ में फंसे पांच अन्य लोगों को भी सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। राहत-बचाव अभियान के लिए सेना के 35 जवानों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है। सरकार ने तीन जिलों को सबसे ज्यादा प्रभावित घोषित किया है और हालात से निपटने के लिए कैबिनेट स्तर पर भी बैठक की गई है।

Exit mobile version