Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पाकिस्तान में बड़ा हादसा! खाई में गिरी बस, 40 की मौत

40 killed as bus falls into ditch in Pakistan

40 killed as bus falls into ditch in Pakistan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में आज क्वेटा से पेशावर जा रही बस झोब और डेरा इस्माइल खान के बीच डाना सर इलाके में गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार यह हाल के वर्षों में इस इलाके की सबसे घातक सड़क दुर्घटना है। बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने हादसे की पुष्टि की है।

जियो न्यूज और दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बलोचिस्तान के मुख्यमंत्री के प्रवक्ता रिंद ने कहा कि जिला अधिकारी, बचाव एजेंसियां और अन्य संबंधित विभाग राहत कार्य में जुटे हैं। जिला उपायुक्त शेरानी वली काकर ने कहा कि ऊबड़-खाबड़ इलाका होने के कारण बचाव दलों को दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि बलोचिस्तान के नजदीकी अस्पतालों में आपातकाल घोषित किया है।

अधिकारियों ने बताया कि बस के ब्रेक फेल होने की आशंका है। मृतकों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा जा रहा है। रिंद ने कहा कि बचाव अभियान में बलोचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा टीमों को लगाया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे। रिंद के अनुसार मृतकों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पूरी जांच के बाद इस दुखद घटना से जुड़ी बातें सार्वजनिक की जाएंगी।

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा देखभाल की जाए। उन्होंने कहा कि पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।

Exit mobile version