Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पीएम सुरक्षा ड्यूटी में महिला शक्ति का दम, 550 महिला पुलिसकर्मी तैनात

देहरादून: प्रधानमंत्री के प्रस्तावित उत्तराखंड भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में महिला शक्ति की मजबूत भागीदारी देखने को मिल रही है। उत्तराखंड पुलिस ने सुरक्षा ड्यूटी को त्रुटिरहित, सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए एसएसपी स्तर से कांस्टेबल स्तर तक लगभग 550 महिला पुलिस अधिकारी और कर्मियों की रणनीतिक तैनाती की है।

इन महिला अधिकारियों और कर्मियों को वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, कंट्रोल रूम तथा अन्य महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड के तहत जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में महिला शक्ति को अग्रणी भूमिका दी गई है और उन्हें कई महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। इससे पूरे सुरक्षा ऑपरेशन में बेहतर समन्वय, संवेदनशीलता, सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता सुनिश्चित हो रही है।

उन्होंने कहा कि महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की पेशेवर क्षमता, अनुशासन और प्रतिबद्धता सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाती है।

उत्तराखंड पुलिस के इस कदम को सुरक्षा व्यवस्था में महिला सशक्तिकरण और पेशेवर दक्षता का बेहतर उदाहरण माना जा रहा है।

Exit mobile version