Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

हीटवेव का कहर! चुनाव ड्यूटी पर गए जवानों की बिगड़ी तबीयत, छह की मौत

Heat Wave

6 jawans on election duty died due to heat wave

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश में हीटवेव (Heat Wave) और भीषण गर्मी का कहर जारी है। मिर्जापुर में चुनाव ड्यूटी (Election Duty) में जा रहे कर्मचारियों पर हीटवेव कहर बनकर बरपा है। मतदान करने जा रहे कई कर्मचारियों की मतदान ​स्थल पहुंचते—पहुंचते स्थिति गंभीर हो गयी है। इसमें उपचार के दौरान पांच होमगार्ड, एक लिपिक और एक सफाईकर्मी की मौत की खबर है।

वहीं, मतदान कराने पहुंचे करीब दर्जनभर कर्मचारी गंभीर हैं, जिनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, प्राचार्य मौके पर पहुंचे। बीमार लोगों का उपचार कराया गया।

डॉक्टर्स का कहना है कि जब इन जवानों को इलाज के लिए लाया गया था उस वक्त सभी को तेज बुखार था और ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था। अंदेशा है कि इन जवानों की मौत भीषण गर्मी (Heat Wave)की वजह से हुई है।

मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल आरबी लाल ने बताया कि कुल 23 जवानों को लाया गया था। इनमें से 6 जवानों की मौत हो गई है जबकि 2 जवानों की कंडीशन अभी भी गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जब जवानों को हॉस्पिटल में लाया गया था उस वक्त सभी को बहुत तेज बुखार था, सभी का बीपी बढ़ा हुआ था और सभी के शुगर लेवल्स भी हाई थे। उन्होंने कहा कि जवानों को ब्रेन स्ट्रोक की समस्या के लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर लगा शवों का महाजाम, 300 से अधिक शवदाह कतार में

लोकसभा चुनाव का शनिवार को आखिरी चरण का मतदान किया जाना है, इसमें मिर्जापुर में भी मतदान होने जा रहा है। चुनाव संपन्न कराने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से चुनाव ड्यूटी पर कर्मचारी लोकसभा के अलग-अलग जगहों पर भेजे जा रहे हैं।

इसी बीच मिर्जापुर के पॉलिटेक्निक ग्राउंड से पोलिंग पार्टी रवाना हो रही थी कि तभी अचानक चुनाव ड्यूटी में तैनात होमगार्ड के जवान एक-एक करके गिरने लगे। तबीयत बिगड़ने के बाद होमगार्ड जवानों को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया।

वहीं होमगार्ड के जवानों की मौत की खबर के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आदेश दिया है कि प्रदेश के जिन जिलों में शनिवार को मतदान किया जाना है उनमें अगर किसी चुनावकर्मी की मौत हुई है तो उसकी जानकारी सीधे निर्वाचन अधिकारी को भेजी जाए।

Exit mobile version