Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

चमोली में मुख्यमंत्री के जनसंवाद शिविर में 7,472 लोगों ने की भागीदारी, 1,737 आवेदनों का मौके पर हुआ निस्तारण

7,472 people participated in CM Dhami's public dialogue camp

7,472 people participated in CM Dhami's public dialogue camp

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कराया। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता भी वितरित की गई।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित जनसंवाद शिविर में 7,472 लोगों ने भागीदारी की। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों को प्राप्त 1,737 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा प्राप्त 203 शिकायतों में से 172 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। शिविर के माध्यम से कुल 4,632 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

सरिता देवी की मांग पर तत्काल मिली झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन

कार्यक्रम के दौरान विकासखंड नंदानगर के ग्राम खलतरा की सरिता देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र में झंगोरे का भरपूर उत्पादन होने के बावजूद प्रसंस्करण की सुविधा नहीं होने से किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल पाता। मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए और शिविर स्थल पर ही कृषि विभाग के स्टॉल से सरिता देवी को झंगोरा मड़ाई एवं प्रोसेसिंग मशीन उपलब्ध कराई।

किसानों और युवाओं की मांगों पर भी तत्काल दिए निर्देश

विकासखंड दशोली के ग्राम रौली ग्वाड़ निवासी नीरज भट्ट ने लिलियम फूलों की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने एक माह के भीतर बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

वहीं, ज्योतिर्मठ विकासखंड के ग्राम बड़ागांव निवासी गुलशन सिंह राणा द्वारा पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के लिए पोल्ट्री हट की मांग किए जाने पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत प्रस्ताव स्वीकृत कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार दशोली विकासखंड के जयदीप सिंह की लोक निर्माण विभाग में ठेकेदारी पंजीकरण से जुड़ी लंबित समस्या का भी तत्काल समाधान कराया गया। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उसी दिन सभी औपचारिकताएं पूरी कर पंजीकरण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

पोखरी विकासखंड के देवेन्द्र सिंह द्वारा एप्पल मिशन के तहत सेब के पौधे एवं एंटी-हेल नेट उपलब्ध कराने के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को अनुदान सहित विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लाभार्थियों को वितरित की सहायता और सम्मानित हुए उत्कृष्ट किसान समूह

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान, कृषि विभाग की ओर से फार्म मशीनरी बैंक, झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन, घास कटर मशीन और चैन लिंक फेंसिंग सहित विभिन्न सहायता सामग्री वितरित की।

इसके साथ ही कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रूपकुंड फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और उन्नति स्वायत्त सहकारिता एफपीओ को एक करोड़ रुपये का वार्षिक कारोबार हासिल करने पर मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

सहकारिता विभाग के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, उद्यान विभाग द्वारा पॉलीहाउस, मशरूम उत्पादन, कीवी मिशन और पीएमएफएमई योजना के तहत वित्तीय सहायता तथा मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधारोपण

हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘हर गांव का यही पैगाम : एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण उत्तराखंड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और हर नागरिक को अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे जनसेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

Exit mobile version