Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

यूपी के 800 गांवों को बाढ़ ने घेरा, हजारों लोगों का पलायन; हाइवे पर तीन फीट तक पानी

Floods in up

Floods in up

लखनऊ। भारी बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी के बाद यूपी के कई शहरों में अब बाढ़ (Floods) का असर विकराल रूप लेता जा रहा है। बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सीतापुर के करीब 250 गांव बाढ़ (Floods) की चपेट में हैं। वहीं, लखीमपुर खीरी के 150, शाहजहांपुर के 30, बदायूं के 70, बरेली के 70 और पीलीभीत के करीब 222 गांव की बड़ी आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। पूर्वांचल के बलिया में भी बाढ़ की स्थिति के चलते कुछ घर बहने की खबर है।

शाहजहांपुर में गर्रा नदी की बाढ़ (Floods)  का पानी दूसरे दिन शुक्रवार को भी दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रहने के कारण कार-बाइक व अन्य छोटे वाहनों का संचालन बंद रखा गया। बाढ़ के कारण रोडवेज बसें भी नहीं चलीं। मुरादाबाद- लखनऊ के बीच नए 22 कॉशन तय करके ट्रेनों को भी धीमी गति से गुजारा जा रहा है।

अस्पतालों में भरा बाढ़ (Floods) का पानी

शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में बाढ़ (Floods) का पानी भरने के बाद मरीजों को आसपास के जिन अस्पतालों में शिफ्ट किया गया था, उनमें भी पानी भरने के बाद समस्या विकराल हो गई। वहीं शहर के बाहरी हिस्से में बसी आवास विकास कॉलोनी समेत अन्य निचले इलाकों से करीब 10 हजार लोगों ने पलायन किया है। एनडीआरएफ की टीम ने 225 लोगों को बचाया। खीरी, शाहजहांपुर और बरेली में बाढ़ ने छह और लोगों की जान ले ली।

बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे हाईवे पर बाढ़ का पानी आने के बाद वाहनों का संचालन रोक दिया गया था। दोपहर तीन बजे से केवल भारी वाहनों को धीमी गति से जाने की अनुमति दी गई थी। रात में पानी का बहाव तेज होने के बाद स्थिति और खराब हो गई। बरेली मोड़ से बंधरा तक तीन से चार फुट पानी रहने के कारण शुक्रवार को भी छोटे वाहनों का संचालन शुरू नहीं किया गया। कई जगह बैरियर लगाकर इन वाहनों को रोका गया। उन्हें वैकल्पिक मार्गों पर भेजा गया। बाढ़ से घिरे लोगों ने शुक्रवार को सुरक्षित स्थानों की ओर रुख कर लिया। लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली और नाव से सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। जिला प्रशासन के मुताबिक अब तक शहर के पांच हजार से अधिक लोगों को विस्थापित किया जा चुका है।

सैकड़ों साल पुरानी पांडुलिपियां नष्ट

कांशीराम कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी और अजीजगंज क्षेत्र की अधिकतर कॉलोनियों में बने मकानों में कई फुट पानी भरने के बाद एनडीआरएफ टीम ने शुक्रवार सुबह से ही बचाव कार्य शुरू कर फंसे 225 लोगों को बचाया। बाढ़ ने एसएस कॉलेज को भी बड़ा नुकसान पहुंचाया है। कॉलेज के पुस्तकालय में रखीं सैकड़ों साल पुरानी पांडुलिपियां नष्ट हो गई हैं। खीरी में भी बाढ़ के हालात अभी काफी खराब है।

नष्ट हो गई धान की फसल

अवध के आठ जिलों में बाढ़ से मची तबाही के बाद स्थिति अब धीरे-धीरे सुधरनी शुरू हुई है। उफनाई नदियां धीरे-धीरे शांत हो रही हैं। जल स्तर कम हो रहा है।

अब असल समस्या कटान की है। अंबेडकरनगर और बहराइच में सरयू का जलस्तर घटा है। जल स्तर कम होने से गांवों से पानी तो निकल गया, लेकिन धान की फसल नष्ट हो गई है। नेपाल के कुसुम बैराज से 47,682 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद जमुनहा बैराज पर नदी का जलस्तर 127.35 से बढ़ कर 127.90 मीटर पहुंच गया जो खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर अधिक है।

अयोध्या में सरयू का जल स्तर 22 सेमी घटा है। इसके बाद भी नदी लाल निशान से 10 सेमी ऊपर बह रही है। सीतापुर मेंनदी की कटान में 34 घर बह चुके हैं।

Exit mobile version