Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

प्रदेश के पहले आयुष विवि से संबद्ध होंगे 98 कॉलेज, राष्ट्रपति करेंगे शिलान्यास

Ayush University

Ayush University

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में करीब 300 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय से 98 कालेज संबद्ध होंगे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 अगस्त को विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। भटहट ब्लॉक के ग्राम पिपरी में 52 एकड़ भूमि पर बनने जा रहे आयुष विश्वविद्यालय में एक ही परिसर में आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथी और योग चिकित्सा की पढ़ाई और उस पर शोध कार्य होगा। इन विधाओं से यहां चिकित्सा भी उपलब्ध रहेगी। प्रदेश के आयुष विधा के 98 कॉलेज इस विश्वविद्यालय से संबद्ध होंगे। इस विश्वविद्यालय में आयुष इंस्टिट्यूट व रिसर्च सेंटर भी होगा।

विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 299.87 करोड़ रुपये की डीपीआर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने बनाई है। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य मार्च 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य तय है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिये। उन्होने कहा कि गुरू गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय के शिलान्यास समारोह में किसी प्रकार की कमी न आने पाये। समारोह में साफ सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया जाये तथा किसी को कोई भी असुविधा न होने पाये।

योगी के मंत्री ने बच्चों संग खेली गोटियां, तरक्की का दिया संदेश

उन्होने दर्शक दीर्घा, मुख्य मंच, सेफ हाउस आदि का निरीक्षण कर तैयारियों को देखा। आयुष विश्वविद्यालय निरीक्षण के बाद वापसी में उन्होंने वहां एकत्र छोटे बच्चों एवं युवाओं से रूक कर उनके कुशलक्षेम के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विजय किरण आनंद ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित कार्यक्रम के तैयारियो के बारे मे विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पिपराइच विधायक महेन्द्रपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version