Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

घर में घुसकर अधिवक्ता पर जानलेवा हमला, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

attack on a lawyer

attack on a lawyer

लखनऊ। जानकीपुरम थाना क्षेत्र स्थित सहारा स्टेट में अधिवक्ता राजा सिंह, अभिष्ट प्रताप सिंह व अश्वनी सिंह पर 15 से 20 अज्ञात लोगों ने असलहे से लैस होकर धावा बोल दिया। बदमाशों ने अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करते हुए चोटिल कर दिया।

सहारा स्टेट के अंदर हुए इस हमले से आस-पास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं पीड़ित के द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी गई। मौके पर जब तक पुलिस पहुंची, तब तक सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस पीड़ित के शिकायती पत्र के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक जानकीपुरम इलाके के सहारा स्टेट में अधिवक्ता राजा सिंह अपने मित्र अश्वनी प्रताप सिंह और अभिष्ट प्रताप सिंह के साथ निवास करते हैं। पीड़ित ने बताया कि मंगलवार की देर रात कार सवार 15 से 20 लोग उनके घर पहुंच गए और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। उनके पास असलहा भी मौजूद था।

घर से अपहरण कर युवती के साथ गैंगरेप,  BJP नेता का बेटा गिरफ्तार

इस घटना में तीनों लोगों को गंभीर चोट आई है। पीड़ित की तरफ से शैलेन्द्र वर्मा उर्फ वीरू पटेल, विवेक वर्मा उर्फ मुन्ना, रजनी वर्मा, सागर, सेतु और 15 से 20 अज्ञात के खिलाफ शिकायत दी गई है। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है। बता दें कि अधिवक्ता राजा सिंह के ऊपर अभी 6 माह पहले भी जानलेवा हमला हुआ था। इसमें राजा सिंह के घर पर बमबाजी करने के साथ ही असलहे से कई राउंड फायरिंग की गई थी। इस हमले में राजा सिंह घायल हुए थे।

जानकीपुरम इंस्पेक्टर बृजेश सिंह का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर अधिवक्ता के घर पर हमला हुआ है। उन्होंने बताया कि हमलावरों के खिलाफ अधिवक्ता अभिष्ट प्रताप सिंह के शिकायती पत्र के आधार पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Exit mobile version