Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अखिलेश से मिले आप नेता संजय सिंह, सियासी सरगर्मियां हुई तेज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई। सियासी समीकरण और राजनीतिक गठजोड़ बनाए जाने लगे हैं। सत्ता में वापसी के लिए समाजवादी पार्टी हर संभव कोशिश में जुटी है। ऐसे में बुधवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक मुलाकात चली है।

बैठक के बाद बाहर निकले आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह पूरी तरह से व्यक्तिगत मुलाकात थी। भाजपा शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। अखिलेश यादव से मिलकर भाजपा से निपटने की रणनीति पर चर्चा की गई है। अभी सपा से मिलकर चुनाव लड़ने के मुद्दे पर बात नहीं हुई है।

सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं के बीच विधानसभा चुनाव गठबंधन को लेकर चर्चा हुई है लेकिन अभी तक सीट तय नहीं हो पाई है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात को अभी गठबंधन से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

संजय सिंह आम आदमी पार्टी के सांसद होने के साथ-साथ यूपी के प्रभारी भी हैं। संजय सिंह और अखिलेश यादव के बीच ये तीसरी मुलाकात थी। करीब दो महीने पहले भी अखिलेश ने संजय सिंह से मुलाकात की थी और हाल ही में मुलायम सिंह के जन्मदिन पर भी दोनों के बीच मुलाकात हुई थी। आज फिर तीसरी बार लोहिया ट्रस्ट के दफ्तर में अखिलेश और संजय सिंह के बीच मुलाकात हुई।

कृषि क़ानूनों को वापस लेने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने दी मंजूरी

इस दौरान दोनों के बीच एक घंटे से भी ज्यादा मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच गठबंधन को लेकर बात हुई है। मुलायम के जन्मदिन पर भी दोनों के बीच गठबंधन को लेकर ही चर्चा हुई थी। हालांकि, अभी तक सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय नहीं हो पाया है।

Exit mobile version