आगरा: देशभर में साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर क्राइम थाने ने करोड़ों रुपये की ठगी के मामलों में 297 आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस अब तक 100 से ज्यादा साइबर ठगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी के पीड़ितों की करीब 7 करोड़ रुपये की रकम वापस और फ्रीज कराने में भी सफलता मिली है। जांच में वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों को आधार बनाया गया।
साइबर सेल और पुलिस टीमों ने आरोपियों के सिम कार्ड, मोबाइल फोन और बैंक खातों में हुए लेनदेन की जांच की। इसी आधार पर वर्ष 2025 के 176 और जनवरी से अगस्त 2026 के बीच के 121 आरोपियों समेत कुल 297 लोगों के खिलाफ चार्जशीट अदालत में दाखिल की गई।
13 राज्यों तक फैला था नेटवर्क
जुलाई 2026 में पुलिस ने एक साथ 100 से ज्यादा संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान 60 से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा गया। जांच में गिरोह का नेटवर्क देश के 13 राज्यों तक फैला होने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, गिरोह डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी मैट्रिमोनियल प्रोफाइल और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करता था। गिरोह पर 50 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का आरोप है।
आरोपियों के खिलाफ तकनीकी स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। अपराध में इस्तेमाल किए गए 7,742 मोबाइल फोन के IMEI नंबर ब्लॉक किए गए हैं, जबकि ठगी और फर्जी कॉलिंग में इस्तेमाल हो रहे 1,928 संदिग्ध मोबाइल नंबर भी बंद कराए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डिजिटल अरेस्ट या किसी अनजान व्यक्ति के लालच भरे ऑफर के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
