Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

1857 के स्वतंत्रता संग्राम में मऊ के वीरों का योगदान हमारी गौरवशाली विरासत : ए.के. शर्मा

AK Sharma

AK Sharma

लखनऊ/मऊ: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा (AK Shama) ने मऊ स्थित कम्युनिटी हॉल में ध्वजारोहण कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मऊ, पुलिस अधीक्षक मऊ सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अपने संबोधन में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने भारत माता को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।

मंत्री श्री शर्मा ने मऊ की स्वतंत्रता संग्राम में गौरवशाली भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में मऊ और आसपास के क्षेत्र के अनेक वीरों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया। दुवारी के रहने वाले हर्ष सिंह और हुल्लास सिंह को अंग्रेजों ने फांसी दे दी, जबकि बिहारी सिंह अंग्रेजों के चंगुल से निकलकर बचने में सफल रहे। इन वीरों का त्याग और बलिदान मऊ की गौरवशाली विरासत का हिस्सा है और आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं, शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं और विकास की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का संघर्ष और बलिदान है। इसी प्रकार आज देश की सीमाओं पर हमारे वीर सैनिक दिन-रात राष्ट्र की सुरक्षा में डटे हुए हैं। देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले प्रत्येक सैनिक और शहीद के प्रति पूरा राष्ट्र सदैव कृतज्ञ रहेगा।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भी विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आजादी के अमृतकाल में हमारा दायित्व है कि हम अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करें।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। राष्ट्र के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और हम सभी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

Exit mobile version