Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

चटाई पर बैठकर पढ़े होते तो छात्रों के दर्द को समझते राहुल गांधी और विपक्ष: ए के शर्मा

AK Sharma organized a grand Tiranga Yatra in Loni.

AK Sharma organized a grand Tiranga Yatra in Loni.

गाजियाबाद: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा (AK Sharma) ने आज लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर के साथ खन्ना नगर, लोनी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम के नारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से देश के गौरव, सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाई देने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। आज तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि जन-जन की भावना और राष्ट्रभक्ति का जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और गौरव को सम्मान देते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार सबका विकास और सबकी समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मंत्री श्री शर्मा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है और वह केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के सम्मान और तिरंगे के प्रति हर भारतीय का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखे, किंतु आज विपक्षियों के हाथ में कहीं भी तिरंगा नहीं दिखता । राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि उन्हें देश के विश्वविद्यालयों और युवाओं से इतना ही प्रेम था तो उन्होंने विदेश में पढ़ाई क्यों की। विपक्ष के लोग और राहुल गांधी अगर कभी चटाई पर बैठकर पढ़ाई किए होते, साथ ही गांव गरीब के बच्चों के संघर्ष को करीब से देखा होता तो आज छात्रों के दर्द को अच्छे से समझ पाते। उन्होंने कहा कि विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों के समय प्रयागराज स्थित लोक सेवा आयोग जैसी संस्थाओं में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का बोलबाला था, जबकि आज पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान गाजियाबाद सहित प्रदेश के अनेक शहर कुशासन और अव्यवस्थाओं का शिकार रहे, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन, विकास और परिवर्तन की नई सुगंध फैल रही है। डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश का कायाकल्प किया है और प्रदेश आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद भी तेजी से विकसित हो रहा है और आधुनिक सुविधाओं तथा बेहतर नागरिक सेवाओं की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मंत्री श्री शर्मा ने सभी नागरिकों से राष्ट्रविरोधी ताकतों से सतर्क रहने और देश की एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र के गौरव का प्रतीक है और हमें इसके साथ देश की संस्कृति, सांस्कृतिक विरासत तथा राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों का सदैव सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लोनी और पूरे गाजियाबाद के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। लोनी के विकास में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नागरिकों को बेहतर सड़क, जल निकासी, पेयजल, स्वच्छता, बिजली और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। हमारा संकल्प है कि लोनी सहित प्रदेश के हर शहर को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त बनाया जाए।

Exit mobile version