Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

लखीमपुर में अखिलेश बोले- काका अर्थात् काले कानून गए हैं, अब बाबा भी जाएंगे

akhilesh yadav

akhilesh yadav

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने लखीमपुर खीरी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा (BJP) नेताओं को किसानों के दुख-दर्द की समझ नहीं है। अन्ना जानवरों के कारण किसानों की फसल बर्बाद हो रही है, जानें भी जा रही है। इसलिए उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी। चुनाव में किसान-नौजवान, व्यापारी भाजपा का सफाया कर देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से लोकतंत्र और संविधान को खतरा है। भाजपा सारी सरकारी संस्थाओं को बेच रही है। सब संस्थाएं बिक जाएंगी तो नौजवानों को नौकरी और आरक्षण कहां से मिलेगा। उन्होंने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री ने नौकरी नहीं लगवाई, पूरे प्रदेश भर में पोस्टर लगाए। घूम घूम कर नौकरियां देने का झूठा प्रचार किया। इसी तरह से स्मार्टफोन और टैबलेट देने का झूठा प्रचार कर रहे हैं।

पहले दो चरणों  में सपा शतक लगा चुकी है : अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ बोलते हैं, बड़े नेता बड़ा झूठ बोलते हैं, और सबसे बड़े नेता सफेद झूठ बोलते हैं। भाजपा सरकार ने तीन काले कानून लाकर किसानों की फसल और जमीन को हड़पने की साजिश रची थी। लेकिन हमारे किसानों ने आंदोलन के बल पर भाजपा सरकार को तीनों काले कानून वापस लेने पर मजबूर कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि काका अर्थात् काले कानून गए हैं, अब बाबा भी जाएंगे। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को भाजपा सरकार ने बहुत परेशान किया। भाजपा ने किसानों के खिलाफ मुकदमे लगवाए। प्रताड़ित किया। लखीमपुर खीरी में किसानों पर जीप चढ़ाकर उनकी हत्या की।

अब शिवपाल चाचा के आने से सब ठीक हो गया : अखिलेश यादव

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह गर्मी निकालने की बात करते हैं, समाजवादी सरकार बनने पर हम नौजवानों के लिए सरकारी विभागों में नौकरियां निकालेंगे। युवाओं का भविष्य बनाएंगे। माताओं बहनों को समाजवादी पेंशन तीन गुना बढ़ा कर देंगे।

भाजपा झूठा प्रचार करती है। जनता इस झूठ को समझ गई है। यह चुनाव उत्तर प्रदेश के भविष्य और भाग्य को बचाने का चुनाव है। भाजपा ने कोरोना काल में गरीबों को अनाथ छोड़ दिया। मरीजों के लिए दवाई और ऑक्सीजन का इंतजाम नहीं किया।

किसानों को कुचलने वालों को जनता जमानत नहीं देगी : अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने कहा कि लखीमपुर के लोगों ने बहुत संघर्ष किया है। अब यहां साइकिल की जगह कुछ और नहीं चलने वाला है। उन्होंने कहा कहने को भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन आप देख लेना इनके बूथों पर मक्खी मारने वाला भी मिलने वाला नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि ये लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। इस सरकार को किसी की भी परवाह नहीं है। जलियांवाला बाग की कहानी आजाद भारत में लखीमपुर में दोहराई गई, जहां किसानों को जीप से कुचल कर मार दिया गया। जनता इस सबको भूलेगी नहीं। वह भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुकी है।

Exit mobile version