Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

झूठे मुकदमों के जरिये जनता की आवाज काे दबाती है भाजपा: अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

मैनपुरी। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav)  ने आरोप लगाया कि अगर कोई महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार पर सवाल उठाता है तो भाजपा सरकार झूठे मुकदमो के जरिये उनकी आवाज को दबाने का काम करती है।

श्री यादव (Akhilesh Yadav) ने शनिवार को यहां कहा कि पिछले दिनों वाराणसी में दुकानदार ने टमाटर की महंगाई पर प्रदर्शन किया तो उस पर मुकदमा लगाकर जेल भेज दिया। भाजपा सरकार ने महंगाई बढ़ाकर गरीबों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दिया है। खाने-पीने के दाम पहले से ही बढ़े हुए थे। अब सरकार सब्जियों के दामों की वृद्धि भी नहीं रोक पा रही हैं। टमाटर के साथ ही, अदरक, मिर्जा और अन्य सब्जियों की कीमतों में भारी वृद्धि हो गई है। दालों की कीमतें पहले ही आसमान पर है। आखिर इस महंगाई का मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है।

उन्होने कहा कि जो कीमतें बढ़ी है उसका मुनाफा न तो पैदा करने वाले किसानों को मिल रहा है और न तो विक्रेताओं को मिल रहा है। सरकार जानबूझ कर अपने व्यवसायियों को मुनाफा करा रही है। इसी तरह से डीजल-पेट्रोल की कीमत इसीलिए बढ़ाया है जिससे उनके उद्योगपति मित्र मुनाफा कमायें। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश बिजली संकट से परेशान है। भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए एक भी बिजलीघर नहीं बनाया।

श्री यादव (Akhilesh Yadav)  ने कहा कि मणिपुर जैसी घटना इधर दुनिया में कहीं नहीं हुई होगी। इस घटना ने दुनिया में देश की प्रतिष्ठा गिराई है। इस तरह की तस्वीरों से सिर शर्म से झुक जाता है। मणिपुर के मुख्यमंत्री का कहना है कि इस तरह की कई घटनाएं हुई है। मणिपुर में महीनों से हत्या, लूट, और जघन्य घटनाएं हो रही है। आखिर केन्द्र सरकार की इंटेलिजेंस क्या कर रही है? मणिपुर की घटना के लिए आरएसएस की नफरत फैलाने और बांटने वाली राजनीति जिम्मेदार है। मणिपुर की घटना को देखकर आम लोगों के साथ कभी भाजपा को वोट देने वाली माताएं और बहनें भी आक्रोशित हैं। आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है।

उन्होने भाजपा सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 35 करोड़ पेड़ लगाने का दावा कर रही है। भाजपा सरकार ने जो पहले पेड़ लगाए थे वह कागजों पर लगे थे। लगता है इस बार भी कागजों पर ही पेड़ उगेंगे।

Exit mobile version