लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (Lucknow-Kanpur Expressway) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सड़क धंसने की घटनाओं और मरम्मत के दौरान पंखों से सड़क सुखाने का वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि यह “भाजपाई तरक्की की नई हवा” है। अखिलेश ने कहा कि जिस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन हाल ही में हुआ हो, उसकी इतनी जल्दी मरम्मत होना निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करता है।
गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि उद्घाटन के कुछ ही सप्ताह बाद एक्सप्रेसवे के कई हिस्सों की मरम्मत करनी पड़ रही है और सड़क को सुखाने के लिए पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है, तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में आम लोगों का भरोसा प्रभावित होता है।
ये है भाजपाई तरक़्क़ी की नई हवा… कुछ दिनों पहले ही जिसका उद्घाटन हुआ हो उस सड़क को मरम्मत की ज़रूरत पड़ गई और एक्सप्रेस स्पीड से मरम्मत को सुखाने के लिए पंखे का इस्तेमाल किया जा रहा है ये भी हास्यास्पद है। 2-3 हफ़्ते में ही जिस एक्सप्रेसवे का दम उखड़ने लगा है उस पर चलने का जोखिम… pic.twitter.com/iIycX2fI4O
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 6, 2026
एनएचएआई ने कसा शिकंजा
करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के बाद कई स्थानों पर सड़क धंसने की शिकायतों के बाद एनएचएआई ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित अधिकारियों पर भी अनुशासनात्मक कदम उठाए गए हैं।
परियोजना निदेशक को हटाने के अलावा कई इंजीनियरों और अधिकारियों को आगामी दो वर्षों तक एनएचएआई और सड़क परिवहन मंत्रालय की परियोजनाओं से प्रतिबंधित कर दिया गया है। मामले की जांच और गुणवत्ता संबंधी समीक्षा भी जारी है।
