Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सियासी संदेश या संयोग? अमन मणि–पंकज चौधरी की तस्वीर पर सियासत गरम

Amanmani Tripathi met BJP State President Pankaj Chaudhary.

Amanmani Tripathi met BJP State President Pankaj Chaudhary.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) अपने गृह क्षेत्र महाराजगंज के दौरे पर हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद वह पहली बार अपने क्षेत्र में पहुंचे हैं। उनके आवास पर मिलने वालों का तांता लगा हुआ है। आम हो या खास, हर कोई उन्हें बधाई देने के लिए पहुंच रहा है। कल यानी मंगलवार को नौतनवां के पूर्व विधायक अमनमणि त्रिपाठी भी उनसे मिलने पहुंचे। अमनमणि ने खुद इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की।

उन्होंने पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा, महराजगंज में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) के जनपद आगमन पर उनके आवास पर पहुंच कर उनको शुभकामनाएं दी और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। सियासी गलियारे में इस मुलाकात की खूब चर्चा हो रही है, क्योंकि ये दोनों ऐसे नेता है जिनकी महाराजगंज क्षेत्र में तूती बोलती है।

पंकज-अमनमणि की मुलाकात के मायने?

पंकज चौधरी (Pankaj Chaudhary) और अमनमणि की मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। कोई इसे 2027 विधानसभा चुनाव से जोड़कर देख रहा है तो कोई इसे एक आम मुलाकात मान रहा है। यूपी में अगले साल विधानसभा के चुनाव हैं। अमनमणि के पास अभी कोई पद नहीं है। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें नौतनवां से हार का सामना करना पड़ा था। निषाद पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े ऋषि त्रिपाठी ने उन्हें शिकस्त दी थी। अमन तब बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े रहे थे। ऋषि को बीजेपी का समर्थन प्राप्त था।

ऋषि एक बार फिर इसी सीट से पर्चा भर सकते हैं, तो ऐसे में फिर अमनमणि का क्या होगा। उसी भविष्य को अमन तलाश रहे हैं। अगर महाराजगंज की अन्य किसी विधानसभा सीट से उनको बीजेपी का टिकट मिल जाए तो ये उनके लिए एक बड़ी जीत होगी। अमनमणि की इससे पहले भी पंकज चौधरी से मुलाकात होती रही है। वह सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिल चुके हैं। 2023 में जब अमरमणि त्रिपाठी की रिहाई हुई थी तब अमनमणि ने सीएम योगी को अभिभावक और मार्गदर्शक बताया था।

 

 

Exit mobile version