Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

संसद आ रहा हूं, फिर कौन भाग रहा है?, अमित शाह ने विपक्ष को दी चर्चा की चुनौती

Amit Shah

Amit Shah

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने बुधवार को विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज दोपहर तीन बजे तक लोकसभा अध्यक्ष को चर्चा के लिए पत्र दे, सरकार तीन बजे से अगले दिन तीन बजे तक चर्चा कराने के लिए तैयार है और वह स्वयं सदन में मौजूद रहकर सभी सवालों का जवाब देंगे।

शाह ने संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से वह नियमित रूप से संसद आ रहे हैं और अपने कक्ष में मौजूद रहते हैं, लेकिन विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। ऐसे में सदन के भीतर जाकर भी क्या किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अब जनता को तय करना चाहिए कि वास्तव में कौन भाग रहा है।

गृह मंत्री ने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार नीट से संबंधित छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के सभी पहलुओं पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की शुरुआती मांग थी कि चर्चा के लिए समय निर्धारित किया जाए और सरकार इसके लिए सहमत हो। वह स्वयं भी संसद में उठाए जाने वाले हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा होने ही नहीं देना चाहता।

उन्होंने कहा कि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। शाह ने कहा कि सरकार केवल बयान देने के बजाय संसदीय नियमों और स्थापित प्रक्रियाओं के तहत विस्तृत चर्चा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि गंभीर विषयों पर संसद में विस्तार से चर्चा होती है और यही संसदीय तरीका है।

शाह ने कहा कि वह चर्चा को आज दोपहर तीन बजे से शुरू कर अगले दिन तीन बजे तक जारी रखने के लिए तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर देर रात तक सदन में बैठने और चर्चा जारी रखने के लिए भी वह तैयार हैं। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि लोकसभा अध्यक्ष अनुमति दें तो प्रश्नकाल को स्थगित कर चर्चा को आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वह पूरी चर्चा के दौरान सदन में बैठेंगे, सभी सदस्यों की बातें सुनेंगे, महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नोट्स लेंगे और हर सवाल का जवाब देंगे, ताकि देश की जनता के सामने पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सके।

गृह मंत्री ने विपक्ष से कहा कि अब उसे तय करना है कि वह संसद में चर्चा करना चाहता है या हंगामा करना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष को संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए।

शाह ने यह भी कहा कि ‘लापता’ और ‘भाग गए’ जैसे शब्द हाल के समय में देश के सार्वजनिक और संसदीय विमर्श में अधिक सुनाई देने लगे हैं। उन्होंने विपक्ष द्वारा उनकी संसद में मौजूदगी को लेकर उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में कहा कि वह सत्र शुरू होने के बाद से लगातार संसद आ रहे हैं और सदन की कार्यवाही चलने की स्थिति में सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

Exit mobile version