Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

उत्तर प्रदेश में 2047 तक सपा की सरकार नहीं आने वाली : केशव प्रसाद मौर्य

Keshav Maurya

Keshav Maurya

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Maurya) ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित संकल्प दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हमें वर्ष 2027 की चिंता नहीं है। क्योंकि 2047 तक देश में न कांग्रेस आने वाली है और न उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी आने वाली है। मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिवस पर संकल्प दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये चौहान समाज की ओर से केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा गठबंधन को आगामी विधान सभा चुनाव में जिताएं। दारा सिंह चौहान की ताकत और बढ़ेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। जब से केन्द्र में मोदी की सरकार बनी है, गरीबों के लिए काम हुआ है। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए, महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम हुआ है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में अत्याचार हुआ है। उसे प्रदेश के लोग भूले नहीं हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को गुमराह कर कुछ सीटें सपा को जरूर मिल गयीं। इसके बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, असम, बिहार व बंगाल में विधान सभा का चुनाव हुआ, सब जगह भाजपा की सरकार बनी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा की चाल-ढाल एक जैसी है। दोनों की बुनियाद परिवारवादी होने के कारण उनका चाल, चरित्र और चेहरा एक जैसा है। ऐसी हालत में दोनों के लिए देश और दल से बड़ा अपना परिवार है। इसके इतर सोचने में दोनों परिवारों के पेट में मरोड़ होने लगती है। मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि चौहान समाज 2027 के विधान सभा चुनाव में प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनाकर अपना संकल्प पूरा करेगा।

Exit mobile version