Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

शासन-प्रशासन एवं प्रेस का एक ही उद्देश्य है कि समाज के प्रत्येक नागरिक का जीवन खुशहाल बनाना है – मुख्य सचिव

Anand Bardhan

Anand Bardhan

हरिद्वार। हरिद्वार में प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन (Anand Bardhan) ने शिरकत करते हुए प्रेस की भूमिका को लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन और प्रेस का साझा उद्देश्य समाज के हर नागरिक का जीवन खुशहाल बनाना है।

मुख्य सचिव ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नव निर्वाचित अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महासचिव सूर्यकांत बेलवाल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं विशिष्ट अतिथि निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने उपाध्यक्ष, सचिव, सांस्कृतिक सचिव, प्रचार सचिव और कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कार्यकारिणी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज के हित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है और आने वाली पीढ़ी का मार्गदर्शन भी करता है। उन्होंने कहा कि प्रेस प्रतिनिधि जमीनी स्तर से जुड़ी सूचनाएं सामने लाते हैं, जिससे आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण खबरें तेजी से प्रसारित होती हैं, ऐसे में समाचारों की सत्यता सुनिश्चित करना और भी आवश्यक हो गया है।

मुख्य सचिव ने कहा कि 2027 का कुंभ मेला सभी के सहयोग से दिव्य और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए सभी विभागों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय को जरूरी बताया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रविंद्र पुरी महाराज ने भी नवनिर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2010 की तरह 2027 का कुंभ भी भव्य और सुव्यवस्थित होगा। उन्होंने सभी से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महासचिव सूर्यकांत बेलवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

प्रेस क्लब हरिद्वार द्वारा मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, रविंद्र पुरी महाराज, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, गणमान्य व्यक्ति और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version