देहरादून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन (Anand Bardhan) ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रदेश की विभिन्न मेगा परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मासिक एवं त्रैमासिक लक्ष्य तय कर परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य सचिव ने ऊर्जा विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड जल विद्युत निगम, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन और यूपीसीएल की प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लॉस रिडक्शन कार्यों के वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध ढंग से पूरा करने और वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत विद्युतीकरण कार्यों के लिए भी मासिक लक्ष्य तय करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदेश में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के कार्यों में तेजी लाने पर बल देते हुए रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों का निर्माण शीघ्र पूरा कर शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने और हरिद्वार मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
मुख्य सचिव ने शारदा घाट परियोजना में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर का कार्य कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए दिसंबर 2026 तक पूरा किए जा सकने वाले हिस्से पर तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत निर्माणाधीन कामकाजी महिला छात्रावासों के संचालन के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने को भी कहा। बैठक में प्रमुख सचिव आर.मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
