Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, मुलायम सिंह परिवार में शोक की लहर

उत्तर प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक परिवारों में शामिल Mulayam Singh Yadav के कुनबे से बुधवार को एक दुखद खबर सामने आई। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री Aparna Yadav के पति प्रतीक यादव (Prateek Yadav) का निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे।

जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव की तबीयत बुधवार तड़के अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज को मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

परिवारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। कुछ दिन पहले भी उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। बुधवार सुबह हालत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और सक्रिय राजनीति में भूमिका निभा रही हैं। वहीं प्रतीक यादव राजनीति से दूरी बनाए रखते हुए रियल एस्टेट और फिटनेस व्यवसाय से जुड़े थे। लखनऊ में उनका प्रसिद्ध जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ संचालित होता था।

अपर्णा और प्रतीक की दोस्ती स्कूल के दिनों में शुरू हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदली। दोनों ने दिसंबर 2011 में विवाह किया था। प्रतीक यादव ने लीड्स यूनिवर्सिटी, लंदन से एमबीए की पढ़ाई की थी।

प्रतीक यादव के निधन की खबर के बाद सैफई से लेकर लखनऊ तक शोक का माहौल है। अस्पताल में परिवार, रिश्तेदारों और समर्थकों का पहुंचना लगातार जारी है।

Exit mobile version