Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

ऐतिहासिक क्षण को संजोने वाला होगा 5 अगस्त का आयोजन, जानिए क्या होगा खास

टाइम्स स्क्वॉयर में विशाल बिलबोर्ड पर भगवान राम

टाइम्स स्क्वॉयर में विशाल बिलबोर्ड पर भगवान राम

न्यूयार्क/ अयोध्या। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। 5 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंदिर का शिलान्यास करेंगे। अयोध्या में 500 साल के लंबे इंतजार के बाद आ रहे इस दिन को और खास बनाने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट दिवाली जैसे उत्सव का माहौल बना रहा है। वहीं अयोध्या में पांच अगस्त को राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर अमेरिका के न्यूयार्क  स्थित टाइम्स स्क्वॉयर में विशाल बिलबोर्ड पर भगवान राम और भव्य राम मंदिर के त्रिआयामी चित्र प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इस ऐतिहासिक क्षण को संजोने वाला यह अपनी तरह का अनोखा आयोजन होगा।

अमेरिका भारत सार्वजनिक मामलों की समिति के अध्यक्ष जगदीश सेव्हानी ने बुधवार को कहा कि न्यूयार्क में पांच अगस्त को उस ऐतिहासिक क्षण का जश्न मनाने की तैयारी की जा रही है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन करेंगे।  सेव्हानी ने कहा कि विशाल नैस्डेक स्क्रीन के अलावा 17,000 वर्ग फीट वाली एलईडी स्क्रीन पर त्रिआयामी चित्रों का प्रदर्शन किया जाएगा।  पांच अगस्त को सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक हिंदी और अंग्रेजी में  जय श्री राम  प्रदर्शित किया जाएगा और भगवान राम के चित्र और वीडियो, मंदिर की संरचना के त्रिआयामी चित्र तथा प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शिलान्यास करने के चित्र कई होर्डिंग्स पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

 राम मंदिर भूमि पूजन के लिए लखनऊ के राम लीला समिति की मिट्टी अयोध्या भेजी गई

टाइम्स स्क्वायर पर लगे यह बिल बोर्ड दुनिया के सबसे बड़े और आकर्षक बिल बोर्ड में से एक हैं और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।  सेव्हानी ने कहा कि भारतीय समुदाय के लोग भी पांच अगस्त को टाइम्स स्क्वायर पर एकत्र होकर उत्सव मनाएंगे और मिठाइयां बाटेंगे।

उन्होंने कहा,  यह एक जीवनकाल या एक शताब्दी में एक बार होने वाली घटना नहीं है। यह मानव जाति के जीवनकाल में एक बार होने वाली घटना है। हम इसे उत्सव के रूप में मनाना चाहते हैं और राम जन्मभूमि शिलान्यास का उत्सव मनाने के लिए टाइम्स स्क्वायर से बेहतर स्थान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को टाइम्स स्क्वायर भगवान राम के चित्रों से पटा होगा।

500 साल बाद आया राम मंदिर भूमि पूजन का सबसे शुभ मुहूर्त : सीएम योगी

उन्होंने कहा,  प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण पूरे विश्व के हिंदुओं के सपने सच होने जैसा है। छह साल पहले हमने नहीं सोचा था कि ऐसा दिन भी आएगा। लेकिन मोदी के नेतृत्व में यह दिन आया है और हम इसे उचित तरीके से मनाना चाहते हैं।

भगवान राम के मंदिर को भव्य और दिव्य बनाने के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ परिषद ट्रस्ट की ओर से देश भर से तीर्थस्थलों, ऐतिहासिक,धार्मिक, सांस्कृतिक स्थलों की मिट्टी, पवित्र नदियों और सरोवरों का जल अयोध्या मंगाया जा रहा है। इस क्रम में जहां स्वतंत्रता संग्राम  की भूमि मेरठ  और चित्तौड़गढ़ की मिट्टी भी अयोध्या लाई जा रही है जो शिलान्यास के अवसर पर राम मंदिर की नींव में पड़ेगी।   सरयू आरती में भीड़ बढ़ने लगी है। ट्रस्ट की ओर से लड्डुओं के एक लाख पैकेट प्रसाद में बांटे जाएंगे। दूसरी तरफ आतंकी साजिश के इनपुट के चलते सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। दूसरे देशों के बॉर्डर से लगे जिलों में अलर्ट जारी किया गया है।

श्रीराम मंदिर भूमि पूजन का दूरदर्शन पर होगा लाइव प्रसारण

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि जन्मभूमि कैंपस में पंडितों की टीम 3 अगस्त से अनुष्ठान और पूजा के कार्यक्रम शुरू कर देगी। 3 अगस्त को गणेश पूजा के साथ उत्सव शुरू होगा। 5 अगस्त को सुबह 8 बजे से गर्भगृह पर पूजन और अनुष्ठान शुरू होंगे। इसे काशी के विद्वानों की देखरेख में 11 पंडितों की टीम करवाएगी। यही टीम प्रधानमंत्री मोदी से भूमि पूजन कार्यक्रम को करवाएगी।

अयोध्या में दिवाली जैसा माहौल बनाने के लिए कामों का बंटवारा किया गया है। डीएम हर दिन के काम की समीक्षा कर रहे हैं। मोदी जिस रास्ते से हनुमानगढ़ी जाएंगे, उसके दोनों तरफ के मकानों पर पीला रंग करवाकर रामकथा से जुड़े चित्र बनाए जा रहे हैं।

रामेश्वरम की मिट्टी को सोना जड़ित खड़ाऊ में भर कर भेजा जाएगा अयोध्या

आतंकी साजिश के इनपुट के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। बॉर्डर पर चेकिंग अभियान चल रहा है। मोदी साकेत डिग्री कॉलेज के मैदान में बनाए जा रहे हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से राम जन्मभूमि परिसर की दूरी एक किलोमीटर है। मोदी के कार्यक्रम स्थल के सुरक्षा प्रभारी एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि वीवीआईपी सुरक्षा प्लान के तहत फ्लीट चलेगी। मोदी हनुमानगढ़ी दर्शन करने जाएंगे, यह लगभग तय है। यह संभावना है कि प्रधानमंत्री सरयू नदी को नमन करने और मंदिर कार्यशाला में तराशे गए पत्थरों को देखने भी जा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखकर सुरक्षा का दायरा बढ़ाकर 7 जोन में कर दिया गया है।

Exit mobile version