Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जानें धनतेरस पर सोना खरीदनें का सबसे उत्तम मुहूर्त

Dhanteras

Dhanteras

इस साल 29 अक्टूबर को धनतेरस (Dhanteras) पर कई शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना होगी। इस दिन को धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि 29 अक्टूबर को सुबह 10:31 मिनट से शुरू होगी और 30 अक्टूबर को दोपहर 1:15 मिनट पर समाप्त होगी। इस दिन देवताओं के वैद्य धन्वंतरि सागर मंथन से प्रकट हुए थे। इसलिए धनतेरस को धन्वंतरि जयंती के रूप में भी मनाते हैं। इस दिन प्रदोष व्रत भी रखा जाता है, जिसमें शाम को भगवान शिव की पूजा करते हैं।

जगन्नाथ मंदिर के पंडित सौरभ कुमार मिश्रा के अनुसार, धनतेरस (Dhanteras) के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4:48 से 5:40 मिनट तक है। विजय मुहूर्त दोपहर 1:56 से 2:40 मिनट तक तो गोधूलि मुहूर्त का समय शाम 5:38 से 6:04 मिनट तक है। निशिता मुहूर्त 11:39 से 12:31 मिनट तक है। इस दिन प्रदोष काल संध्याकाल 5:38 से लेकर 8:13 मिनट तक है। इस दौरान धन की देवी मां लक्ष्मी और भगवान धन्वन्तरि की पूजा कर सकते हैं।

इस साल धनतेरस (Dhanteras) पर एक साथ त्रिग्रही योग, त्रिपुष्कर योग, इंद्र योग, वैधृति योग और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र का महासंयोग बनने जा रहा है। आचार्य अंजनी कुमार ठाकुर के अनुसार, त्रिपुर योग में जो भी कार्य किया जायेगा, उसका तीन गुना फल प्राप्त होगा। इस साल धनतेरस पर 1 घंटा 41 मिनट का शुभ मुहूर्त प्राप्त होगा। धनतेरस के दिन लोग सोना, चांदी, आभूषण, वाहन, मकान, दुकान आदि खरीदते हैं। जिसके पास कम रुपए होते हैं, वे धनिया, झाड़ू, नमक, पीतल के बर्तन आदि खरीदते हैं।

धनतेरस (Dhanteras) का शुभ मुहूर्त:

पंडित जी के अनुसार, 29 अक्टूबर को धनतेरस के दिन पूजा के लिए केवल 1 घंटा 41 मिनट का ही शुभ मुहूर्त मिलेगा।

पूजा का शुभ मुहूर्त: शाम को 6 बजकर 31 मिनट से रात 8 बजकर 13 मिनट तक
प्रदोष काल का समय: शाम को 5 बजकर 38 मिनट से रात 8 बजकर 13 मिनट तक
वृषभ काल का समय: शाम 6 बजकर 13 मिनट से रात 8 बजकर 27 मिनट तक है।

धनतेरस (Dhanteras) पर सोना कब खरीदें?

इस साल धनतेरस (Dhanteras) पर सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त सुबह में 10 बजकर 31 मिनट से अगले दिन 30 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 32 मिनट तक रहेगा। धनतेरस पर सोना खरीदने के लिए आपको 20 घंटे 01 मिनट का शुभ समय प्राप्त होगा।

धनतेरस (Dhanteras) पर किसकी पूजा करें:

धनतेरस (Dhanteras) के दिन माता लक्ष्मी, कुबेर और धन्वंतरि की पूजा की जाती है। मान्यताओं के अनुसार, देवी लक्ष्मी और कुबेर की कृपा से धन और दौलत में वृद्धि होती है। सुख और समृद्धि बढ़ती है। धन्वंतरि भगवान की पूजा करने से व्यक्ति की सेहत अच्छी रहती है और परिवार के लोग निरोगी रहते हैं। इसी मान्यता के कारण यह पर्व महत्वपूर्ण हो जाता है।

Exit mobile version