Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

पंचायत चुनाव में मतदान केंद्र पर फायरिंग के बाद लूटी मतपेटी, मुकदमा दर्ज

Looted ballot box

Looted ballot box

आगरा के थाना फतेहाबाद के गांव रिहावली में दूसरी बार मतदान केंद्र पर दो पक्ष आमने सामने आ गए। जमकर हुए उपद्रव में उपद्रवी मतपेटिका लूट कर ले गए है।

सूचना पर जिलाधिकारी व एसएसपी सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर आ गए। मतपेटिकाओं की तलाश की जा रही है। पीठासीन अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ग्रामीण ने मतपेटिका लूटने की पुष्टि की है।

फतेहाबाद के रिहावली गांव में साहब सिंह और लायक सिंह प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। गुरुवार को गांव में मतदान केंद्र पर वोट डाले जा रहे थे।सुबह 11 बजे साहब सिंह पक्ष ने लायक सिंह पक्ष पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने वोट डालने का विरोध भी किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष के समर्थक आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। बवाल में साहब सिंह, थान सिंह और तेज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए आगरा ले जाया गया। वहीं मामूली रूप से चोटिल हुए देवीलाल व एक अन्य को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है।इसी बीच पास के गांव रूपपुर में झगड़े की सूचना मिल गई।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने लगवाया कोविड-19 का दूसरा टीका

पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी इस गांव में पहुंच गए। इसी बीच दबंगों को मौका मिल गया। रिहावली मतदान केंद्र सामान्य की श्रेणी में था। एक ही बूथ था। इसलिए यहां सुरक्षा में केवल दो सिपाही और एक होमगार्ड तैनात था। पुलिस अधिकारियों ने हद दर्जे की लापरवाही यह बतरी कि झगड़े के बाद भी यहां फोर्स नहीं बढ़ाया गया। दोपहर 12 बजे यहां करीब 30-35 लोग मतदान केंद्र पर पहुंचे। फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी और पोलिंग पार्टी ने कमरा अंदर से बंद कर लिया। ऐसे में दबंग जंगला तोड़कर बूथ में अंदर घुस गए।

हथियार बंद कुछ युवक यहां से अंदर घुसे और अंदर रखी दो मतपेटिकाएं लूट ले गए। यहां मौजूद पुलिसकर्मी विरोध का भी साहस नहीं जुटा सके। एक मतपेटिका खाली बताई जा रही है जबकि दूसरी में 80 वोट पड़ चुके थे। बूथ पर कुल मतदाताओं की संख्या 451 है। मतपेटिकाएं लूटकर दबंग मौके से भाग गए। इसके बाद डीएम प्रभु एन सिंह और एसएसपी मुनिराज जी पुलिस फोर्स के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाके में आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

इस दिन 14 घंटे बंद रहेगी RTGS सुविधा, ऑनलाइन फंड ट्रांसफर में होगी परेशानी

डीएम प्रभु एन सिंह ने रिहावली मतदान केंद्र पर मतदान को रद करते हुए दोबारा मतदान कराने की घोषणा की। एसएसपी मुनिराज जी का कहना है कि कुछ लोग फायरिंग करके मतपेटिकाएं लूट ले गए हैं। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मगर, अभी तक मतपेटिकाएं बरामद नहीं हुई हैं। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। आरोपितों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

Exit mobile version