पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए कक्षा 8वीं से 12वीं तक दाखिले, रजिस्ट्रेशन और कंटिन्यूएशन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र-छात्राएं 24 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
15 जुलाई की जगह अब 24 जुलाई तक मिलेगा मौका
बोर्ड के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह द्वारा जारी सूचना के अनुसार, पहले दाखिले की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर 24 जुलाई कर दिया गया है। इसी के साथ ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और कंटिन्यूएशन फीस जमा करने की समय-सीमा में भी विस्तार किया गया है।
24 जुलाई तक पोर्टल पर डेटा एंट्री होगी
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार स्कूल 24 जुलाई तक विद्यार्थियों का डेटा पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। जिन स्कूलों ने पहले ही चालान जनरेट कर लिया है, उन्हें निर्धारित चालान की अंतिम तिथि तक फीस जमा करानी होगी।
ई-साइन और फाइनल सबमिशन समय पर करना होगा
बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि रजिस्ट्रेशन डेटा एंट्री, ई-साइन और फाइनल सबमिशन की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी करें, ताकि विद्यार्थियों के रिकॉर्ड में किसी प्रकार की परेशानी न आए।
विद्यार्थी और स्कूल प्रबंधन दाखिले, रजिस्ट्रेशन और अन्य अपडेट से जुड़ी जानकारी के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नवीनतम सूचना प्राप्त कर सकते हैं।
