Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

बिहार ने तिरंगा के अपमान पर चुप्पी साधने वालों को दिया झटका : सुशील

susheel modi

सुशील कुमार मोदी

राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने कृषि कानूनों के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन की मानव श्रृंखला को फ़्लॉप करार दिया और कहा कि बिहार ने तिरंगा के अपमान पर चुप्पी साधने वालों को झटका दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता श्री मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया कि राजद, कांग्रेस और वामदलों ने दिल्ली में किसानों को गुमराह कर पुलिस पर हमले कराये और तिरंगे का अपमान कराया। इसलिए, कई किसान संगठनों और नाराज जनता ने इन दलों से दूरी बना ली।

श्री मोदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस की गरिमा पर चोट पहुंचाने वालों की निंदा करने के बजाय उनको पीड़ित बताने वालों को पहला झटका बिहार की जनता ने उनकी मानव श्रृंखला को विफल कर दे दिया। उन्होंने कहा कि जो टूटी-छूटी और छोटी मानव श्रृंखला कहीं-कहीं फोटो खिंचाने के लिए बनी भी, उसमें केवल कार्यकर्ता थे, किसान नहीं थे।

क्या 8 लेयर सुरक्षा को भेद दिल्ली में घुस पाएंगे किसान, जानिए सुरक्षा के पूरे इंतज़ाम

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस और टुकड़े – टुकडे़ गैंग ने नये कृषि कानून को वापस लेने की मांग पर अड़े किसानों के एक वर्ग का अंध-समर्थन कर किसानों का अहित तो किया ही, देश की सुरक्षा के लिए बडे खतरे पैदा कर दिये। उन्होंने कहा कि पंजाब के सम्पन्न किसानों और बिचौलियों के बीच पाकिस्तानी – खालिस्तानी तत्वों की घुसपैठ के साथ उनकी विदेशी फंडिंग के लिए जिम्मेदार कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए।

श्री मोदी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेन्दर सिंह ने स्वीकार किया है कि किसान आंदोलन पाकिस्तान की साजिश है और इस दौरान सीमा पार से हथियारों की तस्करी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और बिहार के राजद-समर्थक कांग्रेसी कब यह कडवा सच स्वीकार करेंगे।

Exit mobile version