Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

जन्मदिन विशेष : मिस वर्ल्ड बनते ही प्रियंका के लिए खुल गए थे बॉलीवुड के रास्ते, देसी गर्ल ने ऐसे बनाई खास पहचान

जन्मदिन विशेष : मिस वर्ल्ड बनते ही प्रियंका के लिए खुल गए थे बॉलीवुड के रास्ते

मुंबई। बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा 18 जुलाई को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करती हैं। उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वालीं प्रियंका ने 18 साल की उम्र में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता। मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका के लिए बॉलीवुड के रास्ते खुल गए। अपने अभिनय के दम पर प्रियंका ने बॉलीवुड से हॉलीवुड तक में अपनी छाप छोड़ी। आज उनके जन्मदिन पर जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ खास बातें।

प्रियंका का जन्म 18 जुलाई, 1982 को झारखंड के जमशेदपुर में हुआ था। उनके पिता पंजाब के अंबाला से थे, जबकि उनकी मां झारखंड से थीं। उनके माता-पिता भारतीय सेना में चिकित्सक थे, जिसके चलते उन्हें देश के अलग-अलग राज्यों का रुख करना पड़ा। इसी वजह से प्रियंका को कई स्कूल भी बदलने पड़े। 13 साल की उम्र में वह अमेरिका में अपनी चाची के साथ रहीं, जहां उन्होंने लगभग तीन वर्ष बिताए और इस दौरान वहीं के स्कूल में दाखिला लिया, अमेरिका में उन्हें नस्लीय भेदभाव का सामना भी करना पड़ा।

अमेरिका से तीन साल बाद भारत वापस आने के बाद प्रियंका ने बरेली के आर्मी पब्लिक स्कूल में उच्च विद्यालय की शिक्षा प्राप्त की। प्रियंका अमेरिका में ‘मिस इंडिया प्रतियोगिता’ की दूसरी विजेता रहीं। इस सम्मान को प्राप्त करने वाली वह पांचवीं भारतीय थीं। ‘मिस इंडिया वर्ल्ड’ का खिताब जीतने के बाद प्रियंका ने फिल्म-उद्योग का रुख किया। उन्होंने वर्ष 2002 में तमिल फिल्म ‘थमिजहन’ के साथ अभिनय की शुरुआत की।

प्रियंका ने साल 2003 में ‘द हीरो’ फिल्म के जरिए बॉलीवुड में अपने अभिनय की छाप छोड़ी। इस फिल्म में उनके साथ सनी देओल और प्रीति जिंटा नजर आए। इसके बाद वो ‘अंदाज’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘ऐतराज’, ‘कृष’, ‘डॉन’, ‘फैशन’, ‘दोस्ताना’, ‘अग्निपथ’, ‘बर्फी’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी हिट फिल्मों में नजर आईं। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और चार श्रेणियों में फिल्मफेयर पुरस्कार के सहित कई पुरस्कार और नामांकन प्राप्त किए हैं।

बॉलीवुड के बाद प्रियंका ने हॉलीवुड की ओर रुख किया। अमेरिकी सीरीज ‘क्वांटिको’ में काम करके उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी। इसके अलावा वो हॉलीवुड फिल्म ‘बेवॉच’ में नजर आ चुकी हैं। हॉलीवुड फिल्मों के अलावा कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी प्रियंका का लुक छाया रहा।

वही उनकी पर्सनल लाइफ की बात करें तो 2018 में प्रियंका ने अमेरिकन गायक और अभिनेता निक जोनस से शादी कर ली। शादी क्रिश्चियन और पंजाबी रीति रिवाज से हुई थी। राजस्थान के उम्मेद भवन पैलेस में प्रियंका की शादी बॉलीवुड की सबसे महंगी शादियों में से एक थी।

Exit mobile version