मऊ/आजमगढ़। समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ समझौता करने का आरोप लगाते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi) ने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य राज्यों में सिर्फ कांग्रेस ही भाजपा (BJP) से लोहा ले रही है।
मऊ जिले में इंदिरा गांधी पीजी कॉलेज और आजमगढ़ के रानी की सराय में आयोजित जनसभाओं में श्रीमती वाड्रा ने कांग्रेस की सरकार बनाने की अपील करते हुये कहा कि कांग्रेस भाजपा से, आरएसएस से, पुश्तों से लड़ रही है। इनको मालूम है कि सपा बसपा के नेता झुक जाएंगे, अपने घरों में दुबक जाएंगे लेकिन कांग्रेस न इनसे डरेगी, न इनके सामने झुकेगी बल्कि न्याय के लिए संघर्ष करेगी।
भाजपा ने यूपी में लोगों लोगों राशन पर निर्भर कर उन्हें गरीबी में धकेल दिया : प्रियंका गांधी
उन्होने कहा कि इतिहास में कोई ऐसी जंग नहीं हुई, जो बिना लड़े जीती गई हो। सपा-बसपा लड़ ही नहीं रहे हैं तो जीतेंगे कैसे। यह समझौता करेंगे, पांच साल समझौता कर अपने घरों में दुबके रहे, सरकार बनेगी, तो भी यही करेंगे। यह लोग भाजपा का सामना नहीं कर सकते, इसलिए भाजपा कांग्रेस पर, मेरे परिवार पर वार करती है, क्योंकि वह जानती है कि हम नहीं झुकेंगे। हमें हिरासत में ले लें, हमें जेल में डाल दें, हमारी जान ले लें, हम इनके सामने झुकेंगे नहीं।
BJP को परिवारवाद से नहीं, मेरे परिवार से परहेज क्योंकि हम झुकते नहीं : प्रियंका गांधी
श्रीमती वाड्रा ने कहा “ कोई कहता है चर्बी निकाल देंगे, कोई कहता है गर्मी निकाल देंगे। आपकी भर्ती की बात कौन कर रहा है। आपकी खेती की बात कौन कर रहा है। दोषी वे नहीं, दोषी तो आप हैं क्योंकि आप उनसे सवाल नहीं पूछते।” पूरे प्रदेश में जब कहीं अत्याचार होता है, गरीबों का शोषण होता है तो न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए कांग्रेस के लोग सबसे पहले संघर्ष करते हुए दिखते हैं। प्रधानमंत्री तो उस मंत्री से इस्तीफ़ा मांगने के बजाय उसके साथ मंच साझा करते हैं, जिसके बेटे ने लखीमपुर में किसानों को अपनी जीप से कुचल दिया।
उप्र में पिछले 30 वर्षों से केवल जाति एवं धर्म की राजनीति हो रही है : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आज यूपी की जनता बेरोजगारी, महंगाई और अत्याचारों को झेल रही है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। महंगाई बहुत बड़ी समस्या बन गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम हद से ज्यादा बढ़ गए हैं। किसानों को फसल का दाम नहीं मिलता, खाद नहीं मिलती। मगर नेता हैं, वे इन परेशानियों की बजाय पाकिस्तान और बुल्डोजर की बात करते हैं। वह जानते हैं कि वोट लेने का एक ही माध्यम है इस प्रदेश में और वह है जाति और धर्म। इसके बाद पांच वर्ष तक वह गायब रहता है। क्योंकि उसको पता है कि जज्बातों को उभारकर वोट ले सकता है।