Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

उत्तराखंड से राज्यसभा सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार दिनेश आर्य ने दाखिल किया नामांकन

देहरादून। उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार दिनेश आर्य ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।

नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, मंत्री धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद और विधायक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री धामी ने नामांकन के अवसर पर दिनेश आर्य को शुभकामनाएं दीं।

भाजपा ने चार अक्टूबर को उत्तराखंड से राज्यसभा की इस सीट के लिए दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। यह सीट मौजूदा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को पूरा होने के बाद रिक्त होगी।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।यदि आवश्यकता पड़ती है तो 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी होगी।

Exit mobile version