Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भाजपा ऐसी पार्टी है जो अपने महापुरुषों का सम्मान करती : डा. दिनेश शर्मा

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डा दिनेश शर्मा ने भाजपा अनुसूचित मोर्चे के सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि पासी समाज का एक गौरवशाली एवं बहादुरी का इतिहास रहा है।

पासी समाज ने अपने आपको भारत की संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि पासी राजाओं के प्रति आक्रान्ताओं का रूख हमेशा ही आक्रामक रहा क्योंकि वे भारत की अस्मिता की रक्षा के लिए लड़े थे। ऐसे लोगों से अंग्रेज भी डरते थे। वे उन्हें सम्मान नहीं देते थे तथा उनका उत्पीडन भी किया।

उप मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद पासी समाज की उन्नति के लिए केवल भाजपा ने काम किया है। यह समाज कभी किसी के आधीन नहीं रहा तथा हमेशा ही स्वाभिमान के साथ जीता रहा है। भाजपा ने हमेशा ही इस समाज के योगदान को सम्मान दिया है। इसलिए समाज को पार्टी ने अन्य दलों की तुलना में कहीं अधिक प्रतिनिधित्व भी दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति धर्म के आधार पर नहीं बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। यह ऐसी पार्टी है जो अपने महापुरुषों का सम्मान करती है।

मुख्यमंत्री योगी ने महर्षि वाल्मीकि जयन्ती पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि समाज को जाति धर्म में बांटने वाली ताकतें फिर सक्रिय हो रही हैं। ऐसी ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा जाति धर्म के आधार पर नहीं बल्कि सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। इस प्रदेश को भाजपा ने बड़ी मुश्किल से जातिवाद क्षेत्रवाद व सम्प्रदायवाद से बचाया है। पिछली सरकारों के समय में अपराधियों के हौंसले इस कदर बुलन्द थे कि उनकी सवारियां निकलती थी। पुलिस के अधिकारी भी उनसे डरते थे तथा पुलिस के थाने सत्ताधारी दल के कार्यालय हो गए थे।

डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि स्व कल्याण सिंह के मुख्यमंत्री रहते हमने उनसे महाराजा बिजली पासी किले का सौन्दर्यीकरण कराने तथा विद्यालय भी आरंभ कराने की मांग की थी। उन्होंने उसे स्वीकार किया तथा दोनों ही काम पूरे हुए। ऐसे महान लोगों को इतिहास में दर्ज कराने की कवायद भी की गई। उन्होंने कहा कि पासी समाज का देश के उत्थान में जो योगदान है उसे स्थान दिलाने का काम भाजपा ने किया है। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ को शहर के तौर पर सुंदर करने का काम महाराजा लखना पासी ने किया था। आज महाराजा लखना पासी हमारे बीच में नहीं है पर उनके द्वारा निर्मित मंदिर, कुंड, किले, सरोवर तट आदि स्मृतियां उनकी याद दिलाते हैं। उनकी स्मृतियों व उनके योगदान को उचित स्थान दिलाने के लिए ही महापौर रहते गोमती तट पर लाखन उपवन का निर्माण कराया था।

Exit mobile version