भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने शनिवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश के विभाजन जैसा अपराध किया, देश का 65 वर्षों तक लूटा। आज इस पार्टी को जनता ने लोकसभा में विपक्ष में भी बैठने के लायक नही छोड़ा है।
शहर में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में भाग लेने आये सांसद मीडिया कर्मियों से मुखातिब थे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा 300 से अधिक सीटे जीतेगी। इसका कारण केन्द्र और प्रदेश सरकार का विकास का महामंत्र ‘सबका विकास और सबका विश्वास’ बताया।
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को पोस्टर में दुर्गा के रूप में दिखाये जाने पर साक्षी महाराज ने तल्ख तेवर में कहा कि कांग्रेस को नाटक करना अच्छे से आता है। यह दुर्गा मां का अपमान है, मैं नवरात्र का व्रत रखता हूं। किसी महिला पर अभद्र टिप्पणी नहीं करना चाहता।
किसी भी दशा में किसी भी किसान का बिजली का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा : योगी
भाजपा की वरिष्ठ नेत्री मेनका गांधी और वरुणा गांधी को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह न देने से जुड़े सवाल पर सासंद ने दो टूक कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोई प्राईवेट लिमिटेड कंपनी नहीं है। विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। किसी जाति और व्यक्ति की पार्टी नहीं है। यहां जो भी होता है वह लोकतांत्रिक तरीके से होता है और पार्टी फोरम पर लिए गए निर्णय का मैं सम्मान करता हूं।