Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

भाजपाई झूठे नारों से करते हैं गुमराह: अखिलेश यादव

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज कहा कि भाजपाई झूठे नारों से गुमराह करते हैं। सबका साथ से सबका विकास नहीं हो सकता है।

उन्होंने कहा कि जब तक सभी जातियों की गणना नहीं होगी तब तक उनकी भागीदारी कैसे तय होगी? पीडीए-पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों की एकता के आगे एनडीए मुकाबला नहीं कर सकता। समाजवादियों के आगे भाजपाई नहीं टिक पाएंगे। व्यवस्था परिवर्तन के लिए सत्ता के कब्जाधारियों को हटाया जाएगा।

अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने यहां राज्य मुख्यालय में डॉ़ राममनोहर लोहिया सभागार में कमेरा चेतना फाउण्डेशन के द्वारा जातीय जनगणना की जरूरत विषय पर आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने डॉ़ सोने लाल पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि कन्नौज सोने लाल जी की जन्मस्थली और मेरी कर्मस्थली है। यह रिश्ता भावनात्मक है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लिए दलितों, पिछड़ों, कमेरा समाज के लिए संघर्ष किया था। उनके रास्ते पर चलकर और हक तथा सम्मान के लिए संकल्प लेकर हम उनके सपने को पूरा करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में निवेश सम्बंधी जो एमओयू हुए थे वे जमीन पर नहीं उतरे हैं। आंकड़े बताते हैं कि जहां समाजवादी सरकार में औसत वार्षिकी ग्रोथ रेट 6.2 प्रतिषत आंकी गई वहीं भाजपा सरकार में यह 3.2 प्रतिशत पर टिक गई।

भाजपा राज में न तो नए उद्योग धंधे लगे हैं और नहीं गरीब के घर पर खुशहाली आई है। मैन्यूफैक्चरिंग के बस सपने ही दिखाए गए हैं। भाजपा सरकार के पास बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पर जवाब नहीं है इसलिए वह सामान नागरिक संहिता की बात कर रही हैं। भाजपा किसानों की आय दुगनी करने के बजाय किसानों की और समस्याएं बढ़ा रही है। किसानों की बुनियादी समस्याओं पर चर्चा नहीं हो रही है। आलू और धान किसान बर्बाद हो गया। भाजपा सरकार ने गेहूं की सरकारी खरीद न करके प्राइवेट कम्पनियों को खरीदवा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्तालोभी है। वह पिछड़ों, दलितो, अल्पसंख्यकों का हक छीनकर सत्ता में काबिज रहना चाहती है। भाजपा देश को पीछे ले जा रही है।

श्री यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि समाजवादी पार्टी समान नागरिक संहिता के खिलाफ है।

अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल ने कहा कि डॉ़ सोने लाल पटेल ने जीवनपर्यंत वंचितों, पिछड़ो, कमजोर वर्गों की लड़ाई लड़ी। आज डॉ़ राममनोहर लोहिया, बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की विचारधारा और सामाजिक न्याय की लड़ाई की कमान श्री अखिलेश यादव के हाथ में है। हम सभी को विश्वास है वह इस लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को न्याय और अधिकार दिलाने के लिए जातीय जनगणना जरूरी है।

समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ़ उदय प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक काम कर रही है। भाजपा ने धर्म की राजनीति और पूंजीवाद का जो गठबंधन बनाया है वह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। भाजपा सरकार ने सभी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। विपक्ष को डराने के लिए सीबीआई और इडी का दुरूपयोग कर रही है। उन्होंने कहा आज पिछड़े, दलितों, अल्पसंख्यकों के हितों के खिलाफ काम हो रहा है। भाजपा वंचितो और कमजोरों को हक और सम्मान नहीं देना चाहती है। इसीलिए जातीय जनगणना का विरोध कर रही है। जातीय जनगणना से ही सभी वर्गों को हक और सम्मान मिल पाएगा।

श्री सिंह ने कहा कि यह विज्ञापनों की सरकार है। आत्मप्रशंसा में वह मुग्ध है। भाजपा ने महंगाई, बेरोजगारी को बढ़ाया है। इस अवसर पर बिलाल सहारनपुरी तथा साबरी जी ने गीत प्रस्तुत किए। पंकज निरंजन चेयरमैन कमेरा चेतना फाउण्डेशन ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, डॉ0 राजपाल कश्यप, श्री आशु मलिक की उपस्थिति उल्लेखनीय रहीं।

Exit mobile version