Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

सपा का सफाया कर भाजपा के ‘अभय’ सिर बंधा जीत का सेहरा

फतेहपुर जिले के सर्वोच्च सदन के लिए शनिवार को संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया में भाजपा ने खूब दम-खम दिखाया। अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार भाजपा ने जीत हासिल की।

जिला पंचायत की राजनीति में हमेशा ही भारी रही समाजवादी पार्टी का इस बार सूपड़ा साफ हो गया। 46 वोटरों वाली जिला पंचायत में भाजपा समर्थित अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने 41 वोट अपने पक्ष में हासिल कर सपा की समर्थित प्रत्याशी संगीता देवी उर्फ संगीताराज पासवान को करारी शिकस्त दी है। जीत का अंतर यह अब तक के चुनावों में सबसे बड़ा है।

कलेक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में शनिवार की सुबह 11 बजे वोटिंग प्रक्रिया शुरू हुई। वोटिग के लिए निर्धारित समय से 55 मिनट पहले सभी वोट पड़ गए और मतपेटी को सील कर दिया गया। वोटिग शुरू होते ही भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन की हवा बहने लगी, जो अंतिम समय तक कम नहीं हुई।

भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश भार्गव बने जिला पंचायत अध्यक्ष

आलम यह रहा है कि जिन्हें दूसरे दलों का माना जा रहा था, और जो निर्दल लड़कर जीते थे। वह सभी सुबह से ही भगवा छतरी के नीचे देखे गए। चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण हो इसके लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए थे। वोटर मतदान के लिए अकेले ही अंदर जाए इसके लिए व्यवस्था बनाई गई थी, जिसका पालन भी हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी अपूर्वा दुबे स्वयं माइक एनाउंसमेंट पर रहीं। चुनाव प्रेक्षक जुहेर बिन सगीर, एसपी सतपाल अंतिल, एडीएम लालता प्रसाद शाक्य, एसडीएम प्रमोद झा, सीओ सिटी संजय सिंह, कोतवाल सत्येंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासन ने हर गतिविधि पर नजर रखी।

Exit mobile version