Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी भाजयुमो नेता गिरफ्तार, अस्पताल में चल रहा था इलाज

BJYM leader arrested

BJYM leader arrested

मैनपुरी जिले में किशनी क्षेत्र के एक गांव में एक बच्ची से तमंचे के बल पर दुष्कर्म के आरोप में भाजयुमो नेता गोविंद चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भाजपा नेता दुष्कर्म के आरोप मे फरार चल रहा था। अपने आप को गिरफ्तारी से बचाने के लिए उसने जहरीला पदार्थ खाकर नाटक किया, लेकिन उसकी चाल नाकाम हो गयी।

मैनपुरी के पुलिस अधीक्षक एके राय ने दुष्कर्मी भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हए बताया कि थाना किशनी क्षेत्र के एक गांव में 27 जुलाई को एक 11 वर्षीय बालिका पड़ोसी के घर टीवी देखने गई थी। घर में आरोपी भाजयुमो के अलावा उसके माता पिता भी मौजूद थे। इस बीच आरोपी भाजयुमो नेता नाबालिग बालिका को अपने माता-पिता की नजरों बचाकर बहाने से दूसरे कमरे में ले गया। जहां उसने बालिका के साथ तमंचा के बल पर दुष्कर्म किया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बालिका से दुष्कर्म का आरोपी जिला अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहा है। इस सूचना पर सीओ सिटी अभय नारायण राय, इंस्पेक्टर कोतवाली भानू प्रताप मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। दुष्कर्म के आरोपी भाजयुमो नेता की गिरफ्तारी की सूचना पर एसपी अशोक कुमार राय भी जिला अस्पताल पहुंच गए। कोतवाली पुलिस को निगरानी रखे जाने को निर्देशित किया। इसके साथ ही किशनी पुलिस को आरोपी के गिरफ्तारी के संबंध में अवगत कराया गया। कुछ देर बाद वहां पहुंची किशनी पुलिस ने आरोपी गोविंद को अपनी हिरासत में ले लिया।

जिला अस्पताल में पुलिस निगरानी के बीच आरोपी का इलाज चल रहा है। बालिका से दुष्कर्म के मामले में किशनी पुलिस उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देता आ रहा था। रविवार को जहर खाने के बाद वह जिला अस्पताल में भर्ती हुआ। इस बात की भनक कोतवाली पुलिस को लग गई। सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि किशनी में बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी युवक के जिला अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। वह जहर खाने के बाद भर्ती हुआ था। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

Exit mobile version