Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

अपराधियों के काले साम्राज्य पर योगी सरकार के सुशासन का चल रहा बुलडोजर : नन्दी

प्रयागराज के सोरांव विधानसभा में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि यूपी अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त हो रहा है। गरीब की झोपड़ी में कब्जा करने वालों के घर बुलडोजर चलता है। प्रदेश में साम्प्रदायिक दंगे नहीं होते। यह खूबियां भाजपा सरकारों की देन हैं। जनहित के बारे में सोचने वाली पार्टी का नाम भाजपा है।

सोरांव के शिवगढ़ स्थित अमन गेस्ट हाउस में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में मंत्री नन्दी ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा ही संगठन है। कोरोना काल में यह दिखा भी दिया। मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश तरक्की के नित नये आयाम छू रहा है। मुख्यमंत्री का प्रत्येक क्षण प्रदेश की 24 करोड़ जनता की बेहतरी के लिए समर्पित है। आज प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों के काले साम्राज्य पर योगी सरकार के सुशासन का बुलडोजर चल रहा है।

नन्दी ने कहा कि माफियाओं की एक हजार करोड़ से अधिक की अवैध सम्पत्ति जब्त की गयी और 1574 करोड़ से अधिक की सम्पत्ति बरामद की गयी है। पिछले साढे़ चार साल में 16,592 अपराधी गिरफ्तार किये गये एवं 135 से अधिक अपराधियों को पुलिस इनकाउटंर में मार गिराया गया। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में संगठित अपराधी की कमर टूट गयी है और सपा-बसपा की सरकारों में माननीय बनकर घूमने वाले लोग जेल की सलाखों के पीछे अपने किए की सजा भुगत रहे हैं।

मंत्री नन्दी ने कहा कि देश में सबसे बड़ी आबादी का प्रदेश होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने जिस तरह सभी राहत कार्यों की निगरानी स्वयं दिन-रात जाग कर की, उसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश इस महामारी से निपटने में पूरे देश में अव्वल रहा है। 4.25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, 25 लाख युवाओं को ओडीओपी के अन्तर्गत रोजगार, 1.3 करोड़ लाभार्थियों को मुद्रा योजना के अन्तर्गत 70 हजार करोड़ का ऋण, 51 लाख श्रमिकों को मनरेगा के तहत रोजगार, 8 लाख युवाओं को स्टार्टअप के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराये गये हैं। प्रदेश में पांच इन्टरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश के सांस्कृतिक गौरव को पुनर्जीवित करने का काम हमारी सरकार कर रही है।

इस अवसर पर भाजपा गंगापार जिलाध्यक्ष अश्वनी द्विवेदी, जिला महामंत्री जीतलाल त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. विष्णुदेव प्रसाद, कुंवर मृगेंद्र सिंह, राम पलट पटेल, मनोज कुमार निषाद, नवीन कुमार पटेल, अमिता सिंह, आरती अग्रवाल, निर्मला पासवान, कुलदीप सोनी आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version