Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

AVNL में बंपर भर्ती, ITI से लेकर इंजीनियरिंग ग्रेजुएट तक कर सकेंगे आवेदन

Bumper recruitment for 1,213 posts in AVNL

Bumper recruitment for 1,213 posts in AVNL

भारतीय रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (AVNL) ने वर्ष 2026 की अपनी सबसे बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। कंपनी ने एग्जीक्यूटिव और नॉन-एग्जीक्यूटिव कैटेगरी में कुल 1,213 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है।

इन पदों पर नियुक्तियां फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट के आधार पर की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों की तैनाती तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र स्थित AVNL की विभिन्न यूनिटों में होगी। इच्छुक अभ्यर्थी कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट avnl.co.in के करियर सेक्शन में जाकर आवेदन कर सकते हैं।

किन पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक 1,005 पद जूनियर टेक्नीशियन के लिए निर्धारित किए गए हैं। फिटर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और पेंटर जैसे ट्रेड के आईटीआई अभ्यर्थियों के लिए यह अच्छा अवसर है।

इसके अलावा 208 एग्जीक्यूटिव पदों पर भी भर्ती होगी। इनमें जूनियर मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर, डिप्टी मैनेजर, सीनियर मैनेजर और कंसल्टेंट जैसे पद शामिल हैं। मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ-साथ एआई, साइबर सिक्योरिटी, फाइनेंस और एचआर से जुड़े पद भी इसमें शामिल किए गए हैं।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

जूनियर टेक्नीशियन पद के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना और संबंधित ट्रेड में NCVT से मान्यता प्राप्त ITI (NTC/NAC) प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इस श्रेणी के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

वहीं मैनेजरियल पदों के लिए संबंधित विषय में B.E./B.Tech, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, MBA, MCA, CA या अन्य निर्धारित योग्यता होना आवश्यक है। पद के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 30 से 35 वर्ष रखी गई है, जबकि कुछ वरिष्ठ पदों और पूर्व अधिकारियों के लिए यह सीमा 65 वर्ष तक है।

कितना मिलेगा वेतन?

चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान का लाभ मिलेगा। जूनियर टेक्नीशियन को 25,050 रुपये प्रतिमाह के साथ औद्योगिक महंगाई भत्ता (IDA) मिलेगा।

वहीं एग्जीक्यूटिव और मैनेजर स्तर के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का वेतन 34,500 रुपये से शुरू होकर 1,29,000 रुपये प्रतिमाह तक होगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।

कैसे होगा चयन?

भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। पद के अनुसार उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), ट्रेड/स्किल टेस्ट और पर्सनल इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा।

आवेदन की अंतिम तिथि

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 25 जुलाई 2026 रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और सभी महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

Exit mobile version