मुरादाबाद: बिलारी से सपा विधायक मो. फहीम के चाचा और सपा जिला उपाध्यक्ष मो. उस्मान के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सर्किट हाउस में रास्ते में गाड़ी खड़ी कर नमाज पढ़ी, जिससे वहां आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई।
पुलिस ने यह कार्रवाई सर्किट हाउस के प्रभारी जेई अनिल कुमार की तहरीर के आधार पर की है। शुक्रवार रात रिपोर्ट दर्ज किए जाने की पुष्टि एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने की।
बताया गया कि गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद लाल बिहारी यादव सर्किट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने एमएलसी चुनाव को लेकर सपा नेताओं के साथ बैठक भी की थी। शुक्रवार को उनके रवाना होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ।
वायरल वीडियो में बिलारी विधायक मो. फहीम के चाचा और सपा जिला उपाध्यक्ष मो. उस्मान को नमाज पढ़ते हुए देखा गया। इसके बाद हिंदू संगठनों के लोगों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस का कहना है कि सर्किट हाउस प्रभारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो समेत अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
