लखनऊ: नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया है कि उनकी हत्या की साजिश रची गई है। एक्स पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि एक फार्म हाउस में उनकी हत्या का षड्यंत्र रचे जाने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
चंद्रशेखर ने कहा कि उनके पास इस संबंध में जो सूचनाएं और स्रोत हैं, वे विश्वसनीय हैं। उन्होंने मांग की कि कथित हत्या की साजिश और बाराबंकी में हुई हिंसा से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
उन्होंने अपने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मौत निश्चित है और उससे डरकर जीवन नहीं जिया जा सकता। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों से भी डरने के बजाय संघर्ष जारी रखने की अपील की।
सांसद की सुरक्षा को लेकर भी उठाया सवाल
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि अगर एक सुरक्षा प्राप्त और निर्वाचित सांसद के काफिले पर दिनदहाड़े पत्थरबाजी और कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला करने की कोशिश हो सकती है, तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने इस घटनाक्रम को दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों की सुरक्षा और न्याय से जोड़ते हुए सरकार से गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
गोंडा जाने के दौरान हुआ था विवाद
चंद्रशेखर आजाद गोंडा में व्यापारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के बाद उनके परिवार से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान बाराबंकी के टोल प्लाजा के पास उनका काफिला रोके जाने की बात सामने आई थी।
इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की हुई थी। सांसद ने पुलिस प्रशासन पर भी कई आरोप लगाए थे और बाद में वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखी।
चंद्रशेखर आजाद के ताजा आरोपों पर अभी संबंधित प्रशासन की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए कथित हत्या की साजिश से जुड़े दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
