Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री योगी ने अटल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अटल जी की जयंती पर लोक भवन में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

उनके साथ इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व एमएलसी स्वतंत्र देव सिंह, केन्द्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, जलशक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला, डॉक्टर समीर सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित समेत अन्य लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जननायक, पूर्व प्रधानमंत्री ”भारत रत्न” श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अटल जी की पावन स्मृतियां हमारे हृदय में सदैव जीवंत रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि भारतीय लोकतंत्र की उत्कृष्ट परंपराओं के प्रबल संवाहक, युगद्रष्टा, ओजस्वी वक्ता, महान राजनेता, भाजपा के पितृ पुरुष, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर सादर नमन। आपका ऋषि तुल्य जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा-दीप है।

सीएम योगी ने अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय को किया नमन

उत्तर प्रदेश सरकार और सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी अटल जी की जयंती धूमधाम से मना रही है। भाजपा की तरफ से आज पूरे प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में अटल जयंती के अवसर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता रैली निकाल रहे हैं। वहीं प्रदेश के सभी बूथों पर भाजपा के कार्यकर्ता अटल जी को याद कर रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश चुनाव के प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान ने ट्वीट कर ‘भारतीय राजनीतिक पटल पर मूल्यों व आदर्शों की राजनीति स्थापित कर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले, भाजपा के पितृ पुरुष, करोड़ों कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री परम श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर सादर नमन किया है।

उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने सुशासन को चरितार्थ होते देखा। ग्रामीण भारत के विकास की मज़बूत नींव रखने वाले अटल जी ने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन हम सब को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और सुशासन के लिए प्रेरित करता रहेगा।

Exit mobile version