Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

डीजे को लेकर कांवड़ियों और पुलिस में झड़प, कोतवाल ने दिया इस्तीफा

Clash between Kanwariyas and police over DJ

Clash between Kanwariyas and police over DJ

कन्नौज: कांवड़ यात्रा के दौरान DJ को शहर में प्रवेश से रोकना कन्नौज पुलिस को भारी पड़ गया। पुलिस के फैसले से नाराज कांवड़िए सड़क पर बैठ गए और विरोध शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर पुलिस और कांवड़ियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

मामला संभालने पहुंचे ADM देवेंद्र सिंह ने कांवड़िया प्रतिनिधि के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी। वहीं, विवाद में घिरे कोतवाल जितेंद्र ने कांवड़ियों के सामने अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया।

DJ रोकने से बिगड़ा माहौल

हरदोई के बिलग्राम क्षेत्र से हजारों कांवड़िए कन्नौज के सिद्धपीठ गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। कांवड़ियों का जत्था DJ के साथ आगे बढ़ रहा था, लेकिन शहर में प्रवेश के दौरान पुलिस ने DJ को रोक दिया।

इस पर कांवड़ियों ने विरोध किया। बहस के बाद धक्का-मुक्की हुई और नाराज कांवड़िए सड़क पर बैठ गए।

ADM ने हाथ जोड़कर मांगी माफी

विरोध बढ़ने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। ADM देवेंद्र सिंह ने कांवड़िया प्रतिनिधियों से बातचीत की और हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने पुलिस की ओर से हुई गलती पर खेद जताते हुए कांवड़ियों से विरोध खत्म करने की अपील की।

कोतवाल का इस्तीफे वाला ऐलान

इसी बीच कोतवाल जितेंद्र पर कथित अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए। मामले को शांत कराने के दौरान उन्होंने कांवड़ियों से भरे मैदान में कहा कि अगर उनसे गलती हुई है तो वह इस्तीफा दे देंगे।

उन्होंने अपनी धार्मिक आस्था को लेकर भी सफाई दी और कहा कि अगर उन्होंने कोई गलती की है तो ईश्वर न्याय करेगा।

DJ की अनुमति के बाद खत्म हुआ हंगामा

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आयोजकों और कांवड़िया प्रतिनिधियों से बातचीत की।

आखिरकार DJ को शहर के अंदर ले जाने की अनुमति दे दी गई। इसके बाद कांवड़ियों का धरना खत्म हुआ और यात्रा आगे बढ़ गई।

Exit mobile version