‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम-2026’ पारित होने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) प्रदेश की संगत का आभार जताने के लिए चार दिवसीय ‘शुकराना यात्रा’ निकालेंगे। यह यात्रा 6 मई से शुरू होकर 9 मई तक चलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री पंजाब के प्रमुख सिख धार्मिक स्थलों पर नतमस्तक होंगे और लोगों से संवाद भी करेंगे।
यात्रा की शुरुआत 6 मई को श्री आनंदपुर साहिब स्थित तख्त श्री केसगढ़ साहिब से होगी। अरदास के बाद मुख्यमंत्री अमृतसर पहुंचकर श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकेंगे। यात्रा का पहला दिन धार्मिक स्थलों के दर्शन और आभार प्रकट करने के लिए समर्पित रहेगा।
दूसरे दिन 7 मई को मुख्यमंत्री तलवंडी साबो स्थित तख्त श्री दमदमा साहिब जाएंगे। इसके बाद उनका काफिला फरीदकोट पहुंचेगा, जहां संगत से मुलाकात और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
8 मई को यात्रा मस्तुआना साहिब पहुंचेगी और इसके बाद मुख्यमंत्री पटियाला जाएंगे। यहां गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में कार्यक्रम आयोजित होगा। यात्रा का समापन 9 मई को फतेहगढ़ साहिब में अंतिम अरदास के साथ किया जाएगा।
सरकार के मुताबिक, यह यात्रा केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं होगी, बल्कि मुख्यमंत्री इस दौरान लोगों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं भी सुनेंगे। यात्रा को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
