Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

CM Dhami flagged off the 'Run for Kargil Heroes' marathon.

CM Dhami flagged off the 'Run for Kargil Heroes' marathon.

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को चीड़बाग स्थित शौर्य स्थल गढ़ीकैंट में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और विश्व पटल पर भारतीय सेना के शौर्य का परिचय कराया।

उन्होंने कहा कि देश अपने वीर सैनिकों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उत्तराखंड वीरों की भूमि है और राज्य के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने साहस और बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, महिलाएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version