Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

उत्तराखंड में विकास को रफ्तार: धामी ने दी ₹97 करोड़ की सौगात

CM Dhami

CM Dhami

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने राज्य के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए करीब ₹97 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। स्वीकृत योजनाओं में धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, सरकारी आवास, सिंचाई परियोजनाएं, ऊर्जा भवन, परिवहन सुविधाएं, हेलीपोर्टों पर मौसम निगरानी प्रणाली तथा घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को सब्सिडी से संबंधित धनराशि शामिल है।

टिहरी और ऊधमसिंह नगर में मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण

मुख्यमंत्री ने टिहरी जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड हिण्डोलाखाल स्थित नागचौण्ड शिवालय के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए ₹1.05 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹82.62 लाख जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

इसी तरह कीर्तिनगर विकासखंड के खोलाकड़ाकोट स्थित डुण्डेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए भी उक्त स्वीकृति के तहत कार्य किए जाएंगे।

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसकी प्रथम किश्त के रूप में ₹60 लाख जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

पिथौरागढ़ में आंतरिक संपर्क मार्ग का होगा निर्माण

पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में बेडा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक संपर्क सीसी मार्ग के निर्माण के लिए ₹62.19 लाख की स्वीकृति दी गई है। योजना की प्रथम किश्त के रूप में ₹37.31 लाख की धनराशि जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

सिंचाई की 27 योजनाओं को ₹61.76 करोड़

देहरादून के धौरणखास में टाइप-II के 36 सरकारी आवासों के निर्माण के लिए ₹2.27 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

इसके साथ ही नाबार्ड वित्त पोषण से संबंधित सिंचाई विभाग की 27 योजनाओं के लिए ₹61.76 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई है। इससे राज्य में सिंचाई से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा।

उरेडा मुख्यालय में बनेगा सुपर ईसीबीसी भवन

देहरादून स्थित उरेडा मुख्यालय में प्रस्तावित सुपर ईसीबीसी भवन के निर्माण के लिए ₹16.13 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

हल्द्वानी में परिवहन सुविधाओं का विस्तार

नैनीताल जिले के हल्द्वानी में परिवहन क्षेत्र से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए भी मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण स्वीकृतियां दी हैं। संभागीय परिवहन कार्यालय के अंतर्गत चालक प्रशिक्षण संस्थान के लिए ₹9.80 करोड़, संभागीय परिवहन कार्यालय के लिए ₹10.98 करोड़ और ऑटोमेटिव ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के लिए ₹4.93 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन किया गया है।

इन परियोजनाओं से चालक प्रशिक्षण, ड्राइविंग परीक्षण और परिवहन विभाग की प्रशासनिक एवं तकनीकी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

चारधाम यात्रा मार्गों पर मौसम की रियल टाइम निगरानी

चारधाम यात्रा मार्गों पर हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न हेलीपोर्ट और हेलीपैडों पर ऑटोमेटेड वेदर ऑब्जर्विंग सिस्टम और सीलोमीटर स्थापित किए जाएंगे। इन प्रणालियों की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग और तीन वर्ष की व्यापक अनुरक्षण सेवा के लिए स्वीकृत ₹10 करोड़ के सापेक्ष शेष धनराशि ₹7.56 करोड़ में से ₹4.78 करोड़ जारी करने का अनुमोदन किया गया है।

इस व्यवस्था से हेलीकॉप्टर संचालन से जुड़े स्थानों पर मौसम की वास्तविक समय की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और उड़ान संचालन की सुरक्षा को बेहतर बनाया जा सकेगा।

घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी की धनराशि जारी

मुख्यमंत्री ने राज्य के घरेलू श्रेणी के विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली दरों में सब्सिडी प्रदान करने के लिए प्राविधानित धनराशि के सापेक्ष ₹36.51 लाख जारी करने का भी अनुमोदन किया है।

सरकार की इन स्वीकृतियों को राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास, परिवहन सुविधाओं के विस्तार और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version