Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

धामी सरकार का बड़ा फैसला: शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन परियोजनाओं के लिए ₹150 करोड़ मंजूर

CM Dhami

CM Dhami

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने प्रदेश में शिक्षा, पेयजल और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए लगभग ₹150 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पेयजल आपूर्ति में सुधार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखण्ड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार के लिए राज्य आकस्मिकता निधि से ₹33.54 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इस राशि का उपयोग विश्वविद्यालय से संबंधित विकास कार्यों और आवश्यक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने में किया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री (CM Dhami) ने टिहरी गढ़वाल जनपद के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कीर्तिनगर विकासखंड स्थित डुण्डेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹1.05 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

पेयजल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के लोहाघाट विकासखंड में पाऊ पम्पिंग योजना के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹2.69 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अलावा केंद्र पोषित अमृत 2.0 योजना के तहत सहस्त्रधारा पेयजल योजना के लिए ₹113.15 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा शिक्षा और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में भी नई गति मिलेगी।

Exit mobile version