Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री धामी ने आवास पर तिरंगा फहराकर दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश

CM Dhami

CM Dhami

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास पर तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रध्वज फहराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

‘हर घर तिरंगा’ बना जन-जन का अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जनभागीदारी का व्यापक अभियान बन चुका है। इसका उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्र निर्माण और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश के प्रत्येक परिवार को उत्साह के साथ इस अभियान में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करना चाहिए।

तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने के साथ राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवारों में बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रदेशवासी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और मजबूत करें।

Exit mobile version