Site icon 24 GhanteOnline | News in Hindi | Latest हिंदी न्यूज़

मुख्यमंत्री आवास में धामी ने फहराया तिरंगा, दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ

CM Dhami hoisted the Tricolour at the Chief Minister's residence.

CM Dhami hoisted the Tricolour at the Chief Minister's residence.

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Dhami) ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया।

‘अमर बलिदानियों के सपनों का भारत बनाना हमारा दायित्व’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा कि देश की प्रगति केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।

‘हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे विकास का लाभ’

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे तथा दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार विकास के साथ-साथ प्रदेश की विशिष्ट पहचान, प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वतंत्रता दिवस कर्तव्यों का कराता है स्मरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि यह हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान से मिली आजादी को मजबूत लोकतंत्र, विकसित भारत और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देकर सार्थक बनाया जा सकता है।

Exit mobile version